UP Rain Flood News: बारिश के बाद उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बदहाल सड़कों और जलभराव ने प्रशासन के विकास के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. गाजियाबाद में जलभराव के बीच एक ऑटो पलटने की घटना सामने आई, जबकि प्रयागराज के फूलपुर क्षेत्र में रास्ते पर छाती तक पानी भर जाने से बच्चों को रोज पानी में घुसकर स्कूल जाना पड़ रहा है. उधर, लखनऊ में इंदिरा नगर और विकास नगर के बाद अब गोमती नगर में भी सड़क धंस गई है. हनीमैन चौराहे के पास सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने से हादसे का खतरा बढ़ गया है.
गाजियाबाद में जलभराव के बीच पलटा ऑटो
बारिश के कारण गाजियाबाद में कई जगह जलभराव की स्थिति बनी. इसी दौरान पानी में फंसा एक ऑटो पलट गया. जलभराव के बीच वाहनों के आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. बारिश के बाद सड़कों पर पानी जमा होने से हादसों का खतरा भी बढ़ गया है.
प्रयागराज में छाती तक पानी, इसी रास्ते स्कूल जाते हैं बच्चे
प्रयागराज जनपद के फूलपुर तहसील और सराय इनायत थाना क्षेत्र के कोटवा पॉवर हाउस, हनुमानगंज बिंद बस्ती में हालात बेहद खराब हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक बस्ती तक पहुंचने के लिए तीन दिशाओं से रास्ता नहीं है. जिस एक रास्ते से लोगों का आवागमन होता है, उस पर छाती तक पानी भरा है. सबसे चिंता की बात यह है कि बच्चे इसी जलमग्न रास्ते से होकर रोज स्कूल जाने को मजबूर हैं. पानी में घुसकर स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
गोमती नगर में धंसी पूरी सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर सवाल
लखनऊ में बारिश ने एक बार फिर सड़कों की गुणवत्ता और निर्माण कार्यों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इंदिरा नगर और विकास नगर के बाद अब गोमती नगर के हनीमैन चौराहे के पास सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया. हल्की बारिश के बाद ही शहर के अलग-अलग इलाकों में सड़कों की ऐसी स्थिति सामने आ रही है. विकास नगर में एक ही पैच के ढाई साल में छह बार धंसने की बात सामने आई है. ऐसे में आम नागरिकों को हर बारिश में खराब सड़कों और हादसों के खतरे का सामना करना पड़ रहा है.
