प्रयागराज में राहुल गांधी का छात्र संवाद ‘फ्लॉप शो’: ब्रजेश पाठक बोले- करोड़ों खर्च के बाद भी नहीं जुटे छात्र, यूपी में नहीं गलेगी कांग्रेस की दाल

UP Politics: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी के प्रयागराज छात्र संवाद को 'फ्लॉप शो' करार दिया है. उन्होंने कांग्रेस की भीड़ जुटाने की कोशिशों और धनबल के इस्तेमाल पर सवाल उठाए.

UP Politics: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रयागराज में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम को लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को तीखा हमला बोला. उन्होंने कार्यक्रम में छात्रों की कम संख्या का दावा करते हुए इसे ‘फ्लॉप शो’ करार दिया. ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस ने करीब तीन महीने पहले से कार्यक्रम की तैयारियां शुरू की थीं और करोड़ों रुपये खर्च कर पंडाल तैयार कराया गया. दो लाख से अधिक छात्रों के रजिस्ट्रेशन का दावा किया गया, लेकिन राहुल गांधी के पहुंचने पर बमुश्किल चार-पांच हजार छात्र ही नजर आये. उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए कांग्रेस ने धनबल का जमकर इस्तेमाल किया, इसके बावजूद छात्र नहीं आये. उन्होंने कहा कि प्रयागराज का कार्यक्रम कांग्रेस की जमीनी स्थिति को साफ तौर पर दिखाता है.

‘झारखंड और हिमाचल के छात्रों से क्यों नहीं मिलते राहुल?’

ब्रजेश पाठक ने कहा कि वह खुद छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके हैं और छात्रों की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं. उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि झारखंड में लंबे समय से आमरण अनशन कर रहे छात्रों से मिलने राहुल गांधी क्यों नहीं गये? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को हिमाचल प्रदेश के युवाओं और शिमला के छात्रों से भी संवाद करना चाहिए. ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की यह दोमुंही नीति जनता अच्छी तरह समझती है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव को देखते हुए प्रयागराज में वोटों की फसल काटने आये हैं.

‘सौदेबाजी का एक और मौका खो दिया, यूपी में नहीं गलेगी दाल’

उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने समाजवादी पार्टी के साथ सीटों की सौदेबाजी में एक और मौका खो दिया है. प्रयागराज के कार्यक्रम को फ्लॉप बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस की राजनीतिक कीमत और घट गयी है. ब्रजेश पाठक ने कहा, ‘राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की चिंता बिल्कुल न करें, क्योंकि यहां उनकी दाल गलने वाली नहीं है.’ उन्होंने प्रदेश सरकार की ओडीओपी और कौशल विकास योजनाओं का भी जिक्र किया. कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं को बड़ी संख्या में ऋण उपलब्ध कराया गया है. कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें बिना गारंटी ऋण दिलाने का काम किया गया है, जिससे उनके जीवन में बदलाव आया है. ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी को संघ परिवार और विचार परिवार की चिंता नहीं करने की सलाह देते हुए उनकी पाश्चात्य संस्कृति और विचारधारा पर भी निशाना साधा.

सपा शासनकाल में आयोग में धांधली का लगाया आरोप

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज में ही संघ लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के कार्यालय हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करते हैं, जबकि सपा शासनकाल में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में प्रतियोगी छात्रों के साथ अन्याय और धांधली होती थी. उन्होंने कहा कि उस समय एक भ्रष्ट और गैर-जिम्मेदार अधिकारी को आयोग का अध्यक्ष बना दिया गया था. ब्रजेश पाठक ने सवाल किया, ‘क्या कांग्रेस और राहुल गांधी केवल वोटों के लिए छात्रों को गुमराह करने का प्रयास करेंगे?’

पूर्वजों और इमरजेंसी को लेकर भी राहुल गांधी पर हमला

ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी के परिवार के प्रयागराज से पुराने संबंध का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी के परिवार की जड़ें इस शहर से जुड़ी रही हैं. उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी अपने पूर्वज की कब्र पर जाकर साफ-सफाई कर उन्हें प्रणाम कर सकते हैं? उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में लोग अपने पूर्वजों को याद रखते हैं. इसी के साथ कांग्रेस पर देश में लोकतंत्र का गला घोंटने और इमरजेंसी लगाने का आरोप लगाते हुए ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या उन्होंने इमरजेंसी के लिए देश से माफी मांगी है? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या राहुल गांधी ने उन छात्र-नौजवानों से माफी मांगी है, जिन पर इमरजेंसी के दौर में कार्रवाई हुई थी?

‘योगी सरकार युवाओं और छात्रों की सरकार’

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के आधार पर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि युवाओं को स्टार्टअप और ओडीओपी के माध्यम से उद्यम और रोजगार से जोड़ा गया है. प्रदेश में नौ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गयी हैं और इनमें किसी तरह की ‘पर्ची-खर्ची’ नहीं चली. ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश का युवा अब दूसरे राज्यों में नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बन रहा है. प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय वर्ष 2017 की तुलना में तीन गुना हो चुकी है और राज्य का बजट भी तीन गुना हुआ है. उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश में बेहतर स्थिति में खड़ा है. सरकार उत्तर प्रदेश को देश का नंबर एक राज्य बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है.

यह भी पढ़ें: यूपी में SIR के बाद अब SSR की तैयारी: विधानसभा चुनाव से पहले फिर दुरुस्त होगी वोटर लिस्ट, सितंबर से घर-घर पहुंचेंगे BLO



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Tilak Kumar

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >