पवन यादव हत्याकांड से प्रयागराज में हड़कंप, सपा जिला सचिव को बाइक सवार 3 नकाबपोशों ने मारी गोली, 500 मीटर दूर थी पुलिस

UP Crime News: प्रयागराज के हंडिया में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव की बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. यह घटना थाने से महज 500 मीटर दूर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई.

UP Crime News: प्रयागराज के हंडिया में मंगलवार शाम सरेराह हुई गोलीबारी से सनसनी फैल गई. बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने समाजवादी पार्टी के गंगापार जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव (50) को गोली मार दी. गोली उनकी पीठ में लगी और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए कई अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन एसआरएन अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

दोस्तों से मिलने कैफे पहुंचे थे पवन

पवन यादव हंडिया थाना क्षेत्र के मुगरांव गांव के रहने वाले थे और पूर्व में ग्राम प्रधान भी रह चुके थे. मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे वह अपनी कार से हंडिया कस्बे पहुंचे थे. कर्मनाशा मोहल्ले में कार खड़ी करने के बाद वह पास के एक कैफे में दोस्तों के साथ बातचीत करने चले गए. करीब दो घंटे बाद शाम 5:20 बजे वह कैफे से बाहर निकले और कार की तरफ बढ़े.

बाइक धीमी की और सटाकर मार दी गोली

पवन जैसे ही अपनी कार में बैठने वाले थे, उसी दौरान प्रयागराज की ओर से बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे. बाइक की रफ्तार कार के पास धीमी हुई और पीछे बैठे बदमाश ने पवन को सटाकर गोली चला दी. गोली उनकी पीठ में लगी. फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बाइक से वाराणसी की ओर फरार हो गए.

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पवन को हंडिया के निजी अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें टैगोर स्थित एक अन्य अस्पताल भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया. एसआरएन पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हत्या की खबर फैलते ही इलाके में बड़ी संख्या में लोग जुट गए.

थाने से सिर्फ 500 मीटर दूर हत्या ने उठाए सवाल

जिस जगह पवन यादव की हत्या हुई, वह हंडिया थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर है. ऐसे में सरेराह हुई इस वारदात ने पुलिस की सक्रियता और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. अधिकारियों की टीमें बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी हैं.

मोबाइल खंगाल रही पुलिस, पुराने विवाद पर भी नजर

जांच के दौरान पुलिस ने पवन यादव का मोबाइल फोन कब्जे में लिया है. कॉल डिटेल, मैसेज और हालिया संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि हत्या से पहले उनकी किन लोगों से बातचीत हुई थी, इसका पता चल सके. पुलिस यह भी जांच रही है कि उन्हें किसी तरह की धमकी मिली थी या किसी व्यक्ति से विवाद चल रहा था. शुरुआती जांच में पुराना विवाद भी एक संभावित वजह के तौर पर सामने आया है. DCP कुलदीप सिंह गुनावत के मुताबिक आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.

यह भी देखें: UP कैबिनेट मीटिंग में 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर, CM योगी ने 200 करोड़ का प्लांट और नई यूनिवर्सिटी को दी हरी झंडी, इस क्षेत्र में 90% तक छूट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नटवर कुमार

नटवर कुमार पत्रकारिता के क्षेत्र में दो वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार हैं.वे ग्राउंड रिपोर्टिंग और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर करते हैं. राजनीतिक घटनाक्रम, स्थानीय समस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, अपराध, सामाजिक मुद्दों और आम लोगों से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष रुचि है. उनका प्रयास खबरों को तथ्यात्मक, स्पष्ट और पाठकों के लिए उपयोगी तरीके से प्रस्तुत करना रहता है.नटवर कुमार ने इतिहास में मास्टर ऑफ आर्ट्स (M.A. History) और मास्टर इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की पढ़ाई पटना से की है. इतिहास और पत्रकारिता में उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि उन्हें घटनाओं को व्यापक संदर्भ में समझने और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने में मदद करती है.इस दौरान उन्होंने दूरदर्शन पटना में भी समय दिया है. नटवर कुमार मूल रूप से बिहार के दिनकर की भूमि बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >