बिना परीक्षा दिए लौटे 2500 छात्र! ग्रेटर नोएडा में सर्वर डाउन होते ही मचा बवाल, जानें कब होगा एग्जाम?

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क में SSC CHSL परीक्षा सर्वर डाउन होने के कारण शुरू नहीं हो सकी. करीब 2500 अभ्यर्थी बिना परीक्षा दिए वापस लौट गए. परीक्षा 13 सितंबर को दोबारा आयोजित की जाएगी.

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में सेक्टर-155 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र पर मंगलवार को SSC CHSL की परीक्षा शुरू होने से पहले ही तकनीकी गड़बड़ी आ गई. दोपहर 12 बजे की शिफ्ट के लिए करीब 2500 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था थी. सुबह से ही छात्र परीक्षा केंद्र पहुंचने लगे थे. बायोमेट्रिक और एंट्री की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब अभ्यर्थी कंप्यूटर सिस्टम पर बैठे तो लॉगिन ही फेल होने लगा.

डेढ़ घंटे तक सर्वर ठीक होने का इंतजार

सिस्टम में परेशानी आने के बाद सेंटर के टेक्निकल स्टाफ ने सर्वर को रीस्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन समस्या दूर नहीं हुई. करीब डेढ़ घंटे तक परीक्षा शुरू नहीं हो सकी. लंबे इंतजार के बाद अभ्यर्थियों का गुस्सा बढ़ गया. छात्रों का आरोप है कि इस दौरान सेंटर प्रबंधन की ओर से उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई.

परीक्षा रद्द होने पर गेट पर हंगामा

जब काफी देर तक परीक्षा शुरू नहीं हुई तो छात्रों ने केंद्र के गेट पर हंगामा शुरू कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अभ्यर्थियों को समझाकर शांत कराया. पुलिस के मुताबिक स्थिति को संभाल लिया गया और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई.

यूपी के साथ बिहार और राजस्थान से पहुंचे थे अभ्यर्थी

SSC CHSL की परीक्षा देने के लिए कई अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से ग्रेटर नोएडा पहुंचे थे. इसके अलावा बिहार और राजस्थान से भी छात्र परीक्षा देने आए थे. एक अभ्यर्थी ने बताया कि वह सुबह 9 बजे ही सेंटर पहुंच गया था और परीक्षा के लिए किराये पर कमरा भी लिया था, लेकिन सर्वर खराब होने की वजह से उसे वापस लौटना पड़ा.

अब 13 सितंबर को दोबारा होगी परीक्षा

हंगामा बढ़ने के बाद सेंटर मैनेजर ने नॉर्थ रीजन के अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी. इसके बाद SSC की ओर से मंगलवार की परीक्षा निरस्त करने का फैसला लिया गया. छात्रों को नोटिस बोर्ड पर जानकारी दी गई कि अब यह परीक्षा रविवार, 13 सितंबर को दोबारा आयोजित की जाएगी.

नए एडमिट कार्ड का इंतजार

री-एग्जाम के लिए अभ्यर्थियों को नया एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा. यह SSC की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा. फिलहाल अभ्यर्थियों को SSC की ओर से आधिकारिक मेल और वेबसाइट पर री-एग्जाम से जुड़ा नोटिफिकेशन जारी होने का इंतजार है.

पुलिस ने कहा- मौके पर स्थिति सामान्य

प्रभारी विनोद कुमार के मुताबिक सर्वर में तकनीकी खराबी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम परीक्षा केंद्र पहुंची थी. अभ्यर्थियों को समझाकर शांत कराया गया. उन्होंने बताया कि मौके पर किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई और फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है.

Also Read: कानपुर बाढ़ राहत में बड़ी लापरवाही, एक्सपायर्ड सिरप पीने से बच्चों की बिगड़ी हालत, 100 रुपये देकर मामला दबाने की कोशिश?

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By लक्की कुमारी

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >