सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहानरनपुर जिले में देवबंद थाना अंतर्गत लच्छीपुर गांव में एक शरारती तत्व ने गांव में लगी बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया. कई हाथियों की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया.
नगर पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात ग्राम गुनारसी निवासी पप्पू नामक युवक ने शराब के नशे में कई हाथियों की मूर्ति को तोड़ दिया. वहीं, बाबा साहब की मूर्ति को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही डायल 100 जब गांव में पहुंची, तब गुस्साये ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर भी पथराव किया और डायल 100 को अपने कब्जे में ले लिया. इस हमले में एक सिपाही घायल हो गया और पुलिस वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया.
पुलिस के आला अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंचे ओर उत्तेजित ग्रामीणों को शांत किया.
सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेंद्र अग्रवाल ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इस मामले में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी. घायल हुए होमगार्ड को उपचार के लिए जिला अस्पतल में भर्ती कराया गया है. मामले की जांच की जा रही है.
