मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल के ICU में बवाल, मरीज की पिटाई के बाद मौत, जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले ICU में एक मरीज की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.

UP News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां अस्पताल के आईसीयू में भर्ती एक मरीज की कथित तौर पर दूसरे मरीज के तीमारदार द्वारा पिटाई कर दी गई, जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. अस्पताल के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले आईसीयू में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.

ICU में मरीज और तीमारदार के बीच हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय रमेश पाल लीवर की गंभीर बीमारी के चलते जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे. उसी वार्ड में सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित बुजुर्ग महिला कमला देवी भी भर्ती थीं. बताया जा रहा है कि रविवार देर रात किसी बात को लेकर कमला देवी के बेटे संजय और रमेश पाल के बीच कहासुनी हो गई.

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर संजय ने आईसीयू के भीतर ही रमेश पाल के साथ मारपीट कर दी. इस दौरान रमेश की नाक पर गंभीर चोट आई और उनकी हालत बिगड़ गई.

उपचार के दौरान हुई मौत

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने घायल रमेश पाल को तत्काल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया. हालांकि सोमवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. मरीज की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया.

हत्या का मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी संजय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अस्पताल के आईसीयू और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. जांच का फोकस इस बात पर भी है कि आखिर आईसीयू जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की घटना कैसे हो गई और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई. एएसपी सिद्धार्थनगर मिश्रा ने बताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यदि सुरक्षा में लापरवाही पाई गई तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

अस्पताल के आईसीयू को मरीजों की सुरक्षा के लिहाज से सबसे संवेदनशील और नियंत्रित क्षेत्र माना जाता है. ऐसे में आईसीयू के भीतर हुई इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन को मरीजों और उनके तीमारदारों की गतिविधियों पर अधिक निगरानी रखनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सकें.

यह भी पढ़े: नि‍श‍िकांत दुबे का जवाब, अखिलेश से माफ़ी नहीं, राम मंदिर विवाद में नया मोड़



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Tilak Kumar

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >