स्कूल में LKG छात्रा को मच्छर ने काटा, DM ने दिया यह आदेश

UP News: मुरादाबाद के एक निजी स्कूल में LKG की छात्रा को मच्छरों के काटने की घटना ने अभिभावकों को चिंतित कर दिया है. डेंगू और मलेरिया जैसे बीमारियों के खतरे को देखते हुए जिला अधिकारी ने स्कूल को तत्काल फॉगिंग कराने का आदेश दिया है.

UP News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक निजी स्कूल की LKG छात्रा को परिसर में बार-बार मच्छर काटने का मामला सामने आया है. बच्ची के अभिभावक ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से ई-मेल के जरिए की है. पिता ने बताया कि स्कूल में पढ़ने के दौरान उनकी बेटी को मच्छर ने काटा, जिसके बाद उन्होंने स्कूल डायरी में भी शिकायत दर्ज कराई थी. हालांकि, पहली शिकायत के बाद प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से परिवार की चिंता बढ़ गई और उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की.

पहली शिकायत के बाद दोबारा हुई घटना

अभिभावक का कहना है कि स्कूल प्रशासन को पहली घटना की जानकारी देने के बावजूद मच्छरों की रोकथाम के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए. इसके बाद बच्ची को दोबारा स्कूल परिसर में मच्छर ने काट लिया. लगातार दो घटनाओं के बाद परिवार ने बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई. शिकायत में कहा गया कि स्कूल परिसर में साफ-सफाई के साथ मच्छरों की रोकथाम के लिए नियमित व्यवस्था होनी चाहिए. अभिभावक ने प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की है.

डेंगू-मलेरिया के खतरे का दिया हवाला

डीएम को भेजी शिकायत में अभिभावक ने मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों का भी उल्लेख किया है. उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में स्कूलों में बच्चों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना जरूरी है. परिवार ने स्कूल परिसर में नियमित फॉगिंग कराने, साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने और मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को खत्म करने की मांग की है, ताकि बच्चों को ऐसी परेशानी दोबारा न झेलनी पड़े.

शिकायत मिलते ही स्कूल को फॉगिंग के निर्देश

मामले की शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने भी इसे गंभीरता से लिया है. जिला विद्यालय निरीक्षक ऋतु तोमर ने बताया कि स्कूल परिसरों में नियमित फॉगिंग, साफ-सफाई और मच्छरों की रोकथाम के इंतजाम करने के निर्देश पहले से दिए गए हैं. शिकायत मिलने के बाद संबंधित निजी स्कूल को भी तत्काल फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों को अपने परिसर में ऐसी व्यवस्थाएं खुद सुनिश्चित करनी होती हैं, ताकि विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से बचाया जा सके.

यह भी देखें: कन्नौज के स्कूल में ‘बिस्किट कांड’, बच्चों को लालच देकर कराया प्रदर्शन, FIR दर्ज



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नटवर कुमार

नटवर कुमार पत्रकारिता के क्षेत्र में दो वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार हैं.वे ग्राउंड रिपोर्टिंग और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर करते हैं. राजनीतिक घटनाक्रम, स्थानीय समस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, अपराध, सामाजिक मुद्दों और आम लोगों से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष रुचि है. उनका प्रयास खबरों को तथ्यात्मक, स्पष्ट और पाठकों के लिए उपयोगी तरीके से प्रस्तुत करना रहता है.नटवर कुमार ने इतिहास में मास्टर ऑफ आर्ट्स (M.A. History) और मास्टर इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की पढ़ाई पटना से की है. इतिहास और पत्रकारिता में उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि उन्हें घटनाओं को व्यापक संदर्भ में समझने और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने में मदद करती है.इस दौरान उन्होंने दूरदर्शन पटना में भी समय दिया है. नटवर कुमार मूल रूप से बिहार के दिनकर की भूमि बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >