UP News: रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर खुशियों के साथ घर लौट रहा एक परिवार कुछ ही पलों में हादसे का शिकार हो गया. मुरादाबाद में गागन नदी पर बने लकड़ी के मलकद्दा पुल की लकड़ी टूटते ही बाइक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी. पति और दो बच्चों को लोगों ने बचा लिया, लेकिन मां और छह वर्षीय बेटा नदी के तेज बहाव में लापता हो गए. दोनों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोर नदी में उतारे गए हैं.
रक्षाबंधन मनाकर ससुराल से लौट रहा था परिवार
छजलैट थाना क्षेत्र के महमूदपुर निवासी अनिल मजदूरी करते हैं. परिवार में पत्नी किरन और तीन बच्चे थे. इनमें छह वर्षीय प्रियांशु, तीन वर्षीय काफिया और दो वर्षीय केशव शामिल हैं. रक्षाबंधन के मौके पर अनिल अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कुंदरकी थाना क्षेत्र के नानपुर गांव स्थित ससुराल गए थे. त्योहार मनाने के बाद शुक्रवार शाम पूरा परिवार बाइक से घर लौट रहा था.
शॉर्टकट बना हादसे की वजह, टूटी लकड़ी और नदी में गिरी बाइक
शाम करीब साढ़े छह बजे परिवार मंझोला थाना क्षेत्र में गागन नदी स्थित मलकद्दा पुल से गुजर रहा था. बताया गया कि परिवार शॉर्टकट के रास्ते से निकल रहा था. इसी दौरान लकड़ी के बने पुल की लकड़ी टूट गई. बाइक अनियंत्रित हो गई और उस पर सवार अनिल, उनकी पत्नी और तीनों बच्चे नदी में जा गिरे.
लोगों ने बचाई पिता और दो बच्चों की जान
हादसा होते ही वहां से गुजर रहे लोगों की नजर परिवार पर पड़ी. लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद अनिल और उनके दो बच्चों काफिया व केशव को नदी से बाहर निकाल लिया गया. हालांकि पत्नी किरन और छह वर्षीय प्रियांशु नदी के बहाव में बह गए.
मां और बेटे की तलाश जारी, गोताखोर नदी में उतरे
सूचना मिलते ही मंझोला थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से हादसे की जानकारी जुटाई. एएसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके बाद पास के गांव मलकद्दा के स्थानीय गोताखोरों को मां और बेटे की तलाश के लिए नदी में उतारा गया. किरन और प्रियांशु का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है. पत्नी और बेटे के लापता होने के बाद अनिल का रो-रोकर बुरा हाल है. मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी हुई है और पुलिस टीम भी तैनात है.
