Moradabad Leopard Terror : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. ठाकुरद्वारा क्षेत्र के बलिया गांव में तेंदुए के हमले से एक महिला की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि महिला खेत में चारा लेने गई थी. इसी दौरान तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीण खेतों की ओर जाने से भी डर रहे हैं. तेंदुए के हमलों में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है.
बलिया गांव में दूसरी महिला की गई जान
तेंदुए के हमले से मौत का यह बलिया गांव में दूसरा मामला बताया जा रहा है. एक ही गांव में दो महिलाओं की जान जाने के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार तेंदुए के हमले की घटनाओं से खेतों में काम करना भी मुश्किल हो गया है. लोगों को हर समय तेंदुए के हमले का डर सताता रहता है. कई ग्रामीण अब अकेले खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं.
खेत में चारा लेने गई थी महिला
डीएफओ मुरादाबाद के मुताबिक महिला खेत में चारा लेने गई थी. इसी दौरान तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके में तलाश अभियान शुरू किया. वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले खेतों में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
पिंजरे लगाए, ड्रोन से भी तेंदुए की तलाश
तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने गांव और आसपास के इलाकों में पिंजरे लगाए हैं. इसके साथ ही तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन समेत आधुनिक तकनीक की मदद ली जा रही है. ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग की टीमें भी इलाके में तैनात की गई हैं. टीमों की ओर से लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है.
अब तक 10 तेंदुए किए गए रेस्क्यू
वन विभाग के अनुसार, क्षेत्र में चलाए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक 9 तेंदुए और एक शावक, यानी कुल 10 तेंदुओं को पकड़ा जा चुका है. इसके बावजूद बलिया गांव में हुई मौत ने वन विभाग के सामने चुनौती बढ़ा दी है. लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भी भय का माहौल है.
वन विभाग की ग्रामीणों से अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा है कि लोग अकेले खेतों में न जाएं, खासकर सुनसान और झाड़ियों वाले इलाकों में जाने से बचें. वन विभाग की टीमें तेंदुए की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.
