दिवाली से पहले मेरठ में ‘बारूद’ का खेल! पटाखों के बहाने 400 किलो विस्फोटक का जखीरा बरामद, तीन ठिकानों पर पुलिस का छापा

मेरठ पुलिस ने दिवाली से पहले एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 किलो विस्फोटक मिश्रण जब्त किया है. घनी आबादी वाले इलाकों में स्थित तीन ठिकानों पर छापे मारकर पुलिस ने यह बरामदगी की है. मामले की जांच जारी है.

UP News: दिवाली से पहले मेरठ में पटाखे बनाने की तैयारी के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. शहर के घनी आबादी वाले इलाकों से करीब 400 किलो विस्फोटक मिश्रण बरामद हुआ है. पुलिस ने इसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. वहीं, सामग्री मंगाने वाले एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.

मुखबिर की सूचना पर कई जगह छापा

पुलिस अधिकारी के अनुसार, पुलिस को शहर में पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक की बड़ी खेप पहुंचने की सूचना मिली थी. इसके बाद अलग-अलग पुलिस टीमों को लगाया गया. जांच में दो ठिकानों की जानकारी मिली. सीओ सदर देहात सुधीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने देहली गेट थाना क्षेत्र के लाला का बाजार स्थित एक कॉम्प्लेक्स में छापा मारा.

दुकान से कट्टों में मिला विस्फोटक

पुलिस को एक राखी की दुकान में विस्फोटक छिपाकर रखने की सूचना मिली थी. तलाशी के दौरान दुकान से कई कट्टे बरामद हुए. इनमें पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला विस्फोटक मिश्रण मिला. इसके बाद रेलवे रोड थाना क्षेत्र के केसरगंज में भी पुलिस ने कार्रवाई की. दोनों स्थानों से मिली सामग्री की शुरुआती कुल मात्रा करीब 400 किलो बताई गई है.

पूछताछ में पटाखे बनाने की बात सामने आई

पुलिस ने विस्फोटक सामग्री मंगाने वाले गौरव मोहन को हिरासत में लिया है. वह 56 केसरगंज मंडी गेट का निवासी बताया गया है. पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि सामग्री पटाखे तैयार करने के लिए मंगाई गई थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक कहां से आया और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था.

रोहटा में पटाखा फैक्टरी के गोदाम पर भी कार्रवाई

इसी दौरान रोहटा में मेरठ-बड़ौत मुख्य मार्ग स्थित एक पटाखा फैक्टरी के गोदाम पर भी छापा मारा गया. दहिया धर्मकांटे के सामने स्थित गोदाम में पुलिस-प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की. मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में लाखों रुपये के माल को सील किया गया. कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार भूपेंद्र कुमार, सीओ सरधना आशुतोष कुमार और रोहटा थाना प्रभारी पूजा पवार समेत पुलिस बल मौजूद रहा.

Also Read: गोरखपुर में आज सुबह 11 से 3 बजे दोपहर तक बिजली गुल, इन इलाकों में शाम तक रहेगा पावर कट, देखें लिस्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजली कश्यप

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >