UP Crime: मेरठ के कंकरखेड़ा इलाके में प्रेम-प्रसंग के विरोध से नाराज बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मां की हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, नटेशपुरम निवासी कविता को बेटी उन्नति कार में लेकर निकली थी. रास्ते में प्रेमी आकाश चौहान भी उनके साथ था. आरोप है कि मौका मिलते ही दोनों ने महिला पर चाकू से हमला किया और उसकी जान ले ली. इसके बाद शव को हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में गंगनहर किनारे फेंक दिया गया.
मां को दर्शन के बहाने घर से लेकर निकली थी बेटी
पुलिस जांच में सामने आया कि 17 अगस्त की सुबह कविता के पति अरविंद ड्यूटी के लिए घर से निकले थे. उस समय कविता घर पर नहीं थीं. जब उन्होंने बेटी उन्नति से फोन पर मां के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह कविता को बरेली स्थित मनोनाधाम में दर्शन कराने लेकर जा रही है. इसी दौरान बेटी और उसके प्रेमी पर पुलिस का शक गहराने लगा. बताया गया कि कविता दोनों के रिश्ते का विरोध करती थीं और कुछ दिन पहले आकाश शादी की बात लेकर उनके घर भी पहुंचा था.
गंगनहर किनारे मिला था महिला का शव
18 अगस्त को मंगलौर क्षेत्र में गंगनहर किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया था. महिला के गले पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पहचान की कोशिश शुरू की. आसपास के थानों और सोशल मीडिया के जरिए जानकारी प्रसारित किए जाने के बाद मृतका की पहचान मेरठ निवासी कविता के रूप में हुई. इसके बाद जांच की दिशा कंकरखेड़ा और पल्लवपुरम की ओर बढ़ी.
200 से ज्यादा CCTV फुटेज से खुला राज
पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए इलाके में लगे 200 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. इसी दौरान एक संदिग्ध कार पुलिस की नजर में आई. पुलिस ने कार की आवाजाही और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई तो जांच आरोपियों तक पहुंच गई. मंगलौर पुलिस ने कंकरखेड़ा और पल्लवपुरम पहुंचकर लक्सर रोड से उन्नति और आकाश को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है.
झपकी लेते ही मां पर चाकू से हमला
पुलिस के मुताबिक, आकाश ने पूछताछ में बताया कि वह कार चला रहा था, जबकि उन्नति पीछे की सीट पर अपनी मां के साथ बैठी थी. रास्ते में कविता को झपकी आ गई. आरोप है कि इसी दौरान उन्नति ने चाकू से मां की गर्दन पर हमला कर दिया. इसके बाद दोनों ने शव को बोरी में रखा और कार की डिग्गी में डाल दिया. मंगलौर पुल के पास सुनसान जगह देखकर शव को गंगनहर में फेंक दिया गया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार और चाकू भी बरामद किया है.
यह भी देखें: कानपुर BJP कार्यालय में बवाल, मंच पर सीट को लेकर भिड़े दो पदाधिकारी, हाथापाई में फटा कपड़ा
