UP Crime News: दिवाली से करीब दो महीने पहले मेरठ में अवैध पटाखा कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने शहर की घनी आबादी में चल रहे गोदामों पर छापा मारकर लगभग 400 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की है. अगर इसमें जरा भी चूक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था. बुधवार देर रात हुई इस कार्रवाई से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा है. एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर में अवैध रूप से पटाखे बनाने के लिए भारी मात्रा में बारूद लाया गया है.
तीन थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी
दिल्ली गेट थाना पुलिस ने लाला का बाजार स्थित एक कॉम्प्लेक्स में छापा मारा. यहां एक राखी की दुकान की आड़ में कई कट्टों में विस्फोटक छुपाकर रखा गया था. दूसरी टीम ने रेलवे रोड थाना क्षेत्र के केसरगंज मंडी गेट इलाके में दबिश दी. यहां से भी पटाखा बनाने वाला केमिकल मिश्रण मिला. तीसरी कार्रवाई मेरठ-बड़ौत मुख्य मार्ग पर रोहटा में हुई. यहां दहिया धर्मकांटे के सामने स्थित एक पटाखा फैक्ट्री के गोदाम को सील किया गया. इस दौरान लाखों का माल मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सील हुआ.
एक हिरासत में, हादसे का टला खतरा
पुलिस ने केसरगंज से गौरव मोहन नाम के एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. उसने बताया कि यह सारा बारूद दिवाली के लिए पटाखे बनाने को मंगाया गया था. पुलिस का कहना है कि रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक रखना बेहद खतरनाक था. किसी भी हादसे की सूरत में पूरे मोहल्ले को नुकसान पहुंच सकता था. इस पूरे ऑपरेशन में सीओ सदर देहात सुधीर सिंह, नायब तहसीलदार भूपेंद्र कुमार, सीओ सरधना आशुतोष कुमार और रोहटा थाना प्रभारी पूजा पवार के साथ भारी पुलिस बल मौजूद रहा. बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है. -पवन तोमर की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: शादी के लिए बदलवा लिया जेंडर, फिर 4 लाख रुपये और बुलेट भी दिया, आगरा में प्रेमी और पत्नी पर FIR
