कानपुर जिले के नौबस्ता इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. किदवई नगर के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में 48 साल के शशि रंजन मिश्रा नाम के शख्स ने रविवार तड़के अपनी नाबालिग जुड़वां बेटियों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. आरोपी पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव है. पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
मूल रूप से बिहार का रहने वाला है आरोपी पिता
पुलिस के मुताबिक त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में मिश्रा अपनी पत्नी रेशमा, 11 वर्षीय जुड़वां बेटियों और छह वर्षीय बेटे के साथ रहता था. पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि Police Response Vehicle (पीआरवी) को सुबह लगभग साढ़े चार बजे जुड़वां बहनों की हत्या की सूचना मिली. फ्लैट पर पहुंचने पर, पीआरवी कर्मियों ने दोनों लड़कियों को खून से लथपथ मृत पाया, जबकि आरोपी अंदर मौजूद था. पुलिस ने बताया कि मूल रूप से बिहार के रहने वाले मिश्रा ने खुद घटना की सूचना दी. उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
रघुबीर लाल ने बताया कि शुरुआती जांच में आरोपी पिता मानसिक रूप से अस्थिर लग रहा है, हालांकि जांच अभी जारी है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और खोजी कुत्तों को भी बुलाया गया. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी.
लड़कियों पर सोते वक्त किया गया हमला
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि लड़कियों पर उस समय हमला किया गया जब वे गहरी नींद में सो रही थीं. मकसद अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस घर के अंदर हुई इस घटना के क्रम की भी जांच कर रही है. इसमें यह भी शामिल है कि उस समय मौजूद मां रेशमा को अपराध की जानकारी कैसे हुई.
मां रेशमा सदमे में
एक अधिकारी ने बताया कि रेशमा सदमे में है और उनसे अभी तक पूछताछ नहीं की गई है. उन्होंने यह भी बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है.
