World Cup 2023: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भिड़ेंगी भारत-इग्लैंड की टीम, क्रिकेट का रोमांच देखेगा शहर

ODI World Cup 2023: अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच में वनडे वर्ल्ड कप 2023 का एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 29 अक्टूबर को खेला जाएगा. इस संबंध में बीसीसीआई बहुत जल्द ही औपचारिक घोषणा कर देगा. इस मुकाबले के अलावा लखनऊ में विश्व कप के कुछ अन्य मैच भी खेले जा सकते हैं.

World Cup 2023 Schedule : वनडे वर्ल्ड कप 2023 का आगाज इस साल के अंत में होगा. इस बार इसकी मेजबानी इंडिया कर रहा है. बीसीसीआई ने इस वनडे वर्ल्ड कप के लिए शेड्यूल ड्राफ्ट कर दिया. लखनऊ के इकाना स्टेडियम को पहली बार वर्ल्ड कप की मेजबानी करने का मौका मिला है, जो काफी समय से अपनी पिच पर ‘कम उछाल और धीमी’ के लिए आलोचना का सामना कर रहा है.

शहर के अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में हाल ही इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान यहां ‘लखनऊ सुपर जाइंट्स’ के साथ 7 मैचों की सफलतापूर्वक मेजबानी की गई थी. जिसके बाद एक बार फिर 29 अक्टूबर को भारत और इंग्लैंड के बीच वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच की मेजबानी करने के लिए तैयार है.

टीम इंडिया को इसलिए पसंद है इकाना स्टेडियम

बीसीसीआई में एक प्रमुख अधिकारी ने कहा कि इस बार का वर्ल्ड कप मैच लखनऊ में कराए जाने का दूसरा कारण यह है कि इकाना स्टेडियम की पिच स्पिन के लिए अनुकूल है, क्योंकि टीम इंडिया ने विशेष रूप से बीसीसीआई से इसके लिए अनुरोध किया है. इकाना स्टेडियम की पिच स्पिनरों के लिए अनुकूल है और टीम इंडिया इसका भरपूर उपयोग करना चाहती है, इसलिए इस पिच के लिए अनुरोध किया है. साथ ही लखनऊ को कुछ और मैच भी मिल सकते हैं.

वर्ल्ड कप मैचों की मेजबानी के लिए तैयार- मैनेजिंग डायरेक्टर

इकाना स्पोर्ट्ज़ सिटी के मैनेजिंग डायरेक्टर उदय सिन्हा ने सोमवार को कहा कि हम यहां वर्ल्ड कप मैचों की मेजबानी के लिए तैयार हैं. अगर यहां मेगा इवेंट के होस्टिंग के अधिकार मिलते हैं तो यह हमारे लिए गर्व की बात है. स्टेडियम की पिच का रिनोवेशन किया जा रहा है. हम सितंबर तक अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए पूरी तरह से तैयार हो जाएंगे.

बीसीसीआई ने भेजा आईसीसी को शेड्यूल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीसीसीआई ने ड्राफ्ट शेड्यूल को आईसीसी के साथ शेयर किया है. आईसीसी ने यह शेड्यूल टूर्नामेंट में शामिल सभी देशों को भेज दिया है. सभी देशों के क्रिकेट बोर्ड की सहमति मिलने के बाद शेड्यूल औपचारिक रूप से जारी कर दिया जाएगा. विश्व कप में 10 टीमों के बीच 48 मुकाबले खेले जाएंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय टीम वनडे वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में कुल 9 लीग मुकाबले खेलेगी, जिसमें पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला जाएगा. इसके अलावा सातवां और नौवां मैच क्वालिफायर टीमों के साथ खेला जाएगा. जो 5 अक्टूबर से 11 नवंबर तक होना प्रस्तावित है.

  • भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया- 8 अक्टूबर, चेन्नई

  • भारत बनाम अफगानिस्तान- 11 अक्टूबर, दिल्ली

  • भारत बनाम पाकिस्तान- 15 अक्टूबर,

  • भारत बनाम बांग्लादेश- 19 अक्टूबर, पुणे

  • भारत बनाम न्यूजीलैंड- 22 अक्टूबर, धर्मशाला

  • भारत बनाम इंग्लैंड- 29 अक्टूबर, लखनऊ

  • भारत बनाम क्वालीफायर- 2 नवंबर, मुंबई

  • भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका- 5 नवंबर, कोलकाता

  • भारत बनाम क्वालीफायर- 11 नवंबर, बेंगलुरु

19 नवंबर तक खेला जाएगा मैच

विश्वकप का आयोजन 5 अक्टूबर से 19 नवंबर तक होगा. मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड उद्घाटन मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ उतर सकती है. दोनों टीमें पिछली बार 2019 में लॉर्ड्स के मैदान में फाइनल खेली थीं. यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा. इसी मैदान पर इंडिया और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत 15 अक्टूबर को हो सकती है. टूर्नामेंट का फाइनल भी अहमदाबाद में ही होने की संभावना है. ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का मुकाबला 29 अक्टूबर को धर्मशाला में होगा. ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड का मैच चार नवंबर को अहमदाबाद में होगा. न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच एक नवंबर को पुणे में होगा.

अंतिम दो स्थानों के लिए इनमें होगी टक्कर

इस विश्व कप खेलने के लिए भारत के अलावा इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका ने अपना स्थान पक्का कर लिया है. अंतिम दो स्थान के लिए जिम्बाब्वे में जून-जुलाई में एक क्वालिफाइंग टूर्नामेंट का आयोजन होगा. इसमें दो पूर्व चैंपियन वेस्टइंडीज और श्रीलंका के अलावा नीदरलैंड, आयरलैंड, नेपाल, ओमान, स्कॉटलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और मेजबान जिम्बाब्वे को हिस्सा लेना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sandeep kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >