लखनऊ: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चली लंबी बैठकों के बाद बुधवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी का मुकाबला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से है. मंगलवार को जयपुर से लौटी प्रियंका ने बीती रात अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों से आये पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. करीब 16 घंटे तक चली बैठकों के बाद बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे संवाददाताओं से बातचीत में जब प्रियंका से पूछा गया कि क्या उनका मुकाबला प्रधानमंत्री मोदी से होगा? उन्होंने कहा, कर तो रहे हैं राहुल जी मोदी से मुकाबला.
अपने पति रॉबर्ट वाड्रा से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ पर भी प्रियंका ने चुप्पी तोड़ी. उन्होंने कहा, ये चीजें चलती रहेंगी, मैं अपना काम करती रहूंगी, मुझे बिल्कुल फर्क नहीं पड़ता. दरअसल, इन दिनों ईडी की टीम वाड्रा से लगातार पूछताछ कर रही है. वह पहले ईडी के सामने दिल्ली में पेश हुए थे और अब जयपुर में उनसे पूछताछ चल रही है. पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बारे में प्रियंका ने कहा, मैं संगठन के बारे में यह जानकारी ले रही हूं कि उसका ढांचा कैसा है और उसमें कौन-कौन से बदलाव करने की जरूरत है. मैं लोगों की इस बारे में राय सुन रही हूं कि उनके मुताबिक कैसे चुनाव लड़ा जाये.
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है. उनसे संगठन के बारे में बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है. उन्हें इस बारे में जानकारी मिल रही है कि उनके क्षेत्र में संगठन कैसा है, जिला और ब्लॉक की समितियां कैसे काम कर रही हैं. उल्लेखनीय है कि गत 11 फरवरी को लखनऊ में एक रोड शो कर प्रदेश में अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करनेवाली प्रियंका ने अपने प्रभार के तहत आनेवाले विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के नेताओं और पदाधिकारियों से मंगलवार को मुलाकात की. सुबह करीब साढ़े पांच बजे ये बैठकें खत्म होने के बाद अपराह्न 12 बजे से प्रियंका ने फिर से बैठकों का दौर शुरू किया, जिसके देर रात तक जारी रहने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में संगठन को चुस्त करने की कवायद में जुटीं प्रियंका ने अपने भाई एवं पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अमेठी की समीक्षा की. प्रियंका ने लोकसभावार मैराथन बैठकों के सिलसिले में मंगलवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे अमेठी संसदीय क्षेत्र के नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत में हर समस्या के जवाब में कहा,मैं हूं ना, अब मैं देखूंगी. प्रियंका से मुलाकात करनेवालों में शामिल युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव अशोक सिंह ने बताया कि प्रियंका ने कार्यकर्ताओं से पूछा कि प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने के क्या रास्ते हैं. साथ ही कांग्रेस की प्रदेश इकाई, जिला इकाइयां, ब्लॉक और बूथ स्तर पर पार्टी संगठन कैसा काम कर रहे हैं. सिंह के मुताबिक प्रियंका ने कहा, आप लोग नौजवानों, बुजुर्गों, महिलाओं समेत समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलें. अब मैं आयी हूं ना. मैं सबको एक साथ देखना चाहती हूं. सभी लोग 2019 के लिए तैयार रहिये.
उन्होंने कहा कि प्रियंका को जब बताया गया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोग अमेठी के गांव-गांव जाकर तरह-तरह की अफवाहें फैलाकर गुमराह कर रहे हैं कि मोदी सरकार ने क्या-क्या काम किये हैं, तो उन्होंने कहा, मैं हूं ना, आप लोग तटस्थ रहिये, अब कोई गुमराह नहीं कर पायेगा. अब मैं देखूंगी. सिंह ने बताया कि प्रियंका ने कहा, मुझे पता चला था कि संगठन काफी समय से उतना सक्रिय नहीं है, जितना होना चाहिए. अब यह नहीं होगा, आपका बल मेरे साथ चलेगा. आप जहां चाहेंगे, मैं खड़ी मिलूंगी. उन्होंने बताया कि बैठक में स्मृति ईरानी के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई.
