UP News: उत्तर प्रदेश में बढ़ती आबादी और शहरों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए सरकार ने शहरी विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. लखनऊ के साथ उन्नाव और रायबरेली में नए शहर विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है. इसके लिए योगी सरकार ने 655.7 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है. पहली किस्त के रूप में 380 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं. अब संबंधित विकास प्राधिकरण जमीन चिह्नित करने और अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकेंगे.
तीन विकास प्राधिकरण संभालेंगे जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण या नये शहर प्रोत्साहन योजना के तहत तीनों शहरों को विकसित किया जाएगा. लखनऊ, उन्नाव और रायबरेली विकास प्राधिकरण को इसकी जिम्मेदारी दी गई है. सरकार की ओर से जारी राशि का इस्तेमाल भूमि अधिग्रहण और शुरुआती विकास कार्यों में किया जाएगा. वित्तीय वर्ष 2026-27 में इन शहरों से जुड़ी योजनाओं के लिए 3500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
भूमि अधिग्रहण के लिए मिलेगी आर्थिक मदद
नए शहरों के विकास में सबसे बड़ी जरूरत जमीन की होगी. इसके लिए सरकार भूमि अधिग्रहण पर होने वाले खर्च का 50 प्रतिशत तक शुरुआती पूंजी के रूप में उपलब्ध करा सकती है. यह वित्तीय सहायता 20 साल तक के लिए दी जा सकती है. कैबिनेट की मंजूरी के बाद विकास प्राधिकरण जमीन की पहचान के लिए सर्वे शुरू कर सकते हैं.
उन्नाव में एक्सप्रेसवे के पास बनेगी हाईटेक सिटी
उन्नाव में प्रस्तावित नया शहर शुक्लागंज और नवाबगंज के आसपास विकसित करने की तैयारी है. यह इलाका लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे और सदर तहसील कॉरिडोर के पास है. प्रस्तावित क्षेत्र गंगा एक्सप्रेसवे के जंक्शन और औद्योगिक कॉरिडोर से भी जुड़ा है. ऐसे में यहां आवासीय विकास के साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने की योजना है.
रायबरेली में हाईवे और रिंग रोड के आसपास विस्तार
रायबरेली में नया शहर लखनऊ-रायबरेली हाईवे यानी एनएच-30 और रिंग रोड के आसपास विकसित किया जाना प्रस्तावित है. फोरलेन हाईवे के दोनों ओर शहरी क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है. वहीं बछरावां में करीब 104 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में मेगा इंडस्ट्रियल सिटी विकसित करने की तैयारी है. इससे डिफेंस कॉरिडोर और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को जोड़ने की योजना है.
मोहान रोड से बढ़ेगा लखनऊ का शहरी दायरा
लखनऊ में मोहान रोड पर अनंत नगर टाउनशिप और अन्य योजनाओं पर काम चल रहा है. मोहान रोड योजना करीब 764 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित है. यह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट के बीच स्थित है. आईआईएम रोड और सुलतानपुर रोड के आसपास वेलनेस और आईटी हब विकसित करने की भी योजना है. इन परियोजनाओं को यूपी स्टेट कैपिटल रीजन के तहत विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे से जोड़ने की तैयारी है.
