पंखों से सुखाई जा रही एक्सप्रेसवे की सड़क, अखिलेश बोले- 'यही है भाजपाई तरक्की की नई हवा'

UP News लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के महज 20 दिन में बार-बार सड़क धंसने की घटना पर राजनीति गरमा गई है. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है, जबकि NHAI ने निर्माण एजेंसी पर सख्त कार्रवाई की है.


UP News: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे एक बार फिर सुर्खियों में है. उद्घाटन के महज 20 दिन बाद बार-बार सड़क धंसने और मरम्मत की नौबत आने के बीच अब मरम्मत के दौरान बड़े-बड़े पंखों से सड़क की सतह सुखाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है. वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने मामले में निर्माण एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है.

अखिलेश यादव ने साधा सरकार पर निशाना

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि यह "भाजपाई तरक्की की नई हवा" है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस एक्सप्रेसवे का कुछ दिन पहले ही उद्घाटन हुआ हो, उसकी इतनी जल्दी मरम्मत होना निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है. उन्होंने कहा कि मरम्मत वाले हिस्से को जल्दी सुखाने के लिए पंखों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो अपने आप में हैरान करने वाला दृश्य है. साथ ही सवाल उठाया कि जब एक्सप्रेसवे दो-तीन सप्ताह के भीतर ही कई बार मरम्मत मांग रहा है, तो उस पर तेज रफ्तार से सफर करने का जोखिम कौन उठाएगा.

13 जुलाई को हुआ था उद्घाटन

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 13 जुलाई को किया गया था. करीब 63 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे के निर्माण पर लगभग 4,200 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. उद्घाटन के बाद एक तरफ की यात्रा के लिए 275 रुपये टोल तय किया गया था. हालांकि उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद सड़क धंसने और सतह खिसकने की शिकायतें सामने आने लगीं. अधिकारियों के अनुसार, लगभग 20 दिनों के भीतर पांच बार सड़क अलग-अलग स्थानों पर धंस चुकी है.

एक लेन बंद, दूसरी से दोनों तरफ का ट्रैफिक

आजतक की टीम जब मौके पर पहुंची तो मरम्मत का काम जारी था. प्रभावित हिस्से में एक तरफ की लेन बंद कर दी गई थी. ऐसे में दोनों दिशाओं का ट्रैफिक एक ही कैरिजवे से संचालित किया जा रहा था. कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी और भारी मशीनों से सड़क की मरम्मत का कार्य चल रहा था. वाहन चालकों को धीमी गति से सफर करना पड़ रहा था.

यात्रियों को टोल प्लाजा पर नहीं मिली पूरी जानकारी

यात्रियों ने बताया कि टोल प्लाजा से प्रवेश के बाद आगे जाकर उन्हें यू-टर्न लेना पड़ रहा है और कई किलोमीटर तक विपरीत दिशा वाली लेन से गुजरना पड़ रहा है. उनका आरोप है कि टोल प्लाजा पर पहले से ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी नहीं दी गई. हालांकि, अब NHAI ने मरम्मत पूरी होने तक एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली रोकने का फैसला लिया है.

NHAI का बड़ा एक्शन, अधिकारियों पर भी गिरी गाज

लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद NHAI ने निर्माण एजेंसी PNC इंफोटेक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. प्राधिकरण ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को नॉन-परफॉर्मर घोषित करने की सिफारिश भेजी है. इसके अलावा परियोजना निदेशक नकुल प्रकाश वर्मा को हटा दिया गया है. पूर्व परियोजना निदेशक सौरभ चौरसिया को चार्जशीट जारी की गई है. वहीं प्रोजेक्ट मैनेजर विवेक गुप्ता, रेजिडेंट इंजीनियर यतेंद्र कुमार और स्वतंत्र अभियंता टीम के प्रमुख सुरेंद्र कुमार को दो वर्षों तक NHAI और मंत्रालय की परियोजनाओं में काम करने से प्रतिबंधित कर दिया गया है.

बार-बार सड़क धंसने की क्या है वजह?

NHAI के मुताबिक लगातार बारिश के कारण एक्सप्रेसवे के नीचे की मिट्टी की परतों तक पानी पहुंच गया, जिससे मिट्टी की मजबूती प्रभावित हुई और किलोमीटर-64 के आसपास सड़क में स्लिपेज की स्थिति बन गई. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि धंसाव की वास्तविक तकनीकी वजह जानने के लिए IIT खड़गपुर के विशेषज्ञों को जांच सौंपी गई है. इसके अलावा पूरे एक्सप्रेसवे की पेवमेंट की स्थिति का लेजर प्रोफिलोमीटर तकनीक से परीक्षण कराया जा रहा है.

मरम्मत का पूरा खर्च निर्माण कंपनी उठाएगी

NHAI ने साफ किया है कि प्रभावित हिस्से की मरम्मत पर आने वाला करीब 3 करोड़ रुपये का खर्च निर्माण कंपनी ही वहन करेगी. साथ ही निर्माण और निगरानी में हुई किसी भी लापरवाही की जवाबदेही भी तय की जाएगी. यात्रियों को राहत देते हुए प्राधिकरण ने मरम्मत पूरी होने तक टोल वसूली बंद रखने का फैसला लिया है. इस दौरान होने वाले टोल राजस्व के नुकसान की भरपाई भी निर्माण कंपनी से ही कराई जाएगी.

Also Read: 10 साल पुराना मदरसा वेतन विधेयक वापस, योगी सरकार ने पलटा अखिलेश सरकार का फैसला, जानिए क्यों नहीं बन पाया था कानून


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >