UP News : कानपुरवासियों के लिए बड़ी खबर है. यात्रियों की बढ़ती संख्या और ट्रेनों के संचालन को बेहतर बनाने के लिए कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर तीन नए प्लेटफार्म बनाए जाएंगे. घंटाघर सिटी साइड पर प्रस्तावित प्लेटफार्म नंबर 11, 12 और 13 के विकसित होने से स्टेशन की क्षमता बढ़ेगी. इनमें 12 और 13 नंबर प्लेटफार्म से प्रीमियम ट्रेनों के संचालन की योजना है. स्टेशन परिसर में ग्रीन बेल्ट भी विकसित की जाएगी.
3 नए प्लेटफॉर्म का होगा निर्माण
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर फिलहाल 10 प्लेटफार्म हैं. ट्रेनों की बढ़ती संख्या और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए अब यहां तीन और प्लेटफार्म बनाए जाने की तैयारी है. इसके बाद स्टेशन पर कुल 13 प्लेटफार्म हो जाएंगे. नए प्लेटफार्म बनने से ट्रेनों के ठहराव और संचालन के लिए रेलवे को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे. रेलवे बोर्ड के सदस्य (इंफ्रास्ट्रक्चर) विवेक कुमार गुप्ता ने भी प्लेटफार्मों की संख्या बढ़ाने को जरूरी बताया है. उन्होंने कहा कि प्लेटफार्म की क्षमता और संख्या बढ़ाने को लेकर खाका तैयार किया गया है. स्टेशन की सात मंजिला इमारत और प्लेटफार्म के बीच भविष्य की जरूरतों को देखते हुए तीन नए प्लेटफार्म के लिए जगह छोड़ी गई है.
घंटाघर सिटी साइड पर बनेंगे नए प्लेटफार्म
कानपुर सेंट्रल के घंटाघर सिटी साइड की ओर प्लेटफार्म नंबर 11, 12 और 13 विकसित किए जाने हैं. नए प्लेटफार्म तैयार होने के बाद ट्रेनों के संचालन में काफी सहूलियत होगी. किसी प्लेटफार्म पर ट्रेन खड़ी होने की स्थिति में दूसरी ट्रेनों को अन्य प्लेटफार्म से संचालित किया जा सकेगा. इससे ट्रेनों के परिचालन में होने वाली दिक्कतें कम होंगी और भविष्य में अधिक ट्रेनों को संचालित करने की क्षमता भी बढ़ेगी.
12 और 13 नंबर प्लेटफार्म से चलेंगी प्रीमियम ट्रेनें
नए प्लेटफार्मों में 12 और 13 नंबर को प्रीमियम ट्रेनों के संचालन के लिए इस्तेमाल करने की योजना पर काम किया जा रहा है. इन प्लेटफार्मों से राजधानी, शताब्दी और दुरंतो जैसी ट्रेनों के संचालन को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी. प्रीमियम ट्रेनों के लिए अलग प्लेटफार्म उपलब्ध होने से अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी दबाव कम होगा. साथ ही यात्रियों को ट्रेनों के आने-जाने की बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी.
हाईस्पीड कॉरिडोर की तैयारियां भी शुरू
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई स्तरों पर काम किया जाना है. हाईस्पीड कॉरिडोर की तैयारियों को लेकर भी काम शुरू किया जा रहा है. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, फुट ओवरब्रिज बनने के बाद ट्रेनों की गति बढ़ाने में भी मदद मिलेगी.
स्टेशन परिसर में विकसित होगी ग्रीन बेल्ट
कानपुर सेंट्रल के विस्तार के साथ स्टेशन परिसर को हरा-भरा और व्यवस्थित बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है. प्रस्तावित नए प्लेटफार्म के आसपास ग्रीन बेल्ट विकसित करने की योजना है. इसके अलावा प्लेटफार्म पर पिलरों के बीच खाली जगह का इस्तेमाल भी हरियाली विकसित करने के लिए किया जाएगा. इससे स्टेशन का वातावरण बेहतर होने के साथ यात्रियों को भी अधिक सुविधाजनक और साफ-सुथरा माहौल मिलेगा.
Also Read : 'बच्ची से दुष्कर्म से बड़ा अपराध मूर्ति पूजा', सोशल मीडिया पर वायरल Video के बाद मुफ्ती यासिर नदीम पर FIR
