कानपुर में धर्म परिवर्तन के विवाद में परिवार पर हमले का आरोप, डीसीपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित पक्ष

Up News: कानपुर के नौबस्ता में एक परिवार ने पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का दावा है कि उनकी बेटी पर धर्म बदलने का दबाव बनाया गया, मारपीट की गई और इसके चलते उनकी बेटी की मौत हो गई. न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार डीसीपी साउथ कार्यालय पहुंचा.

Up News: कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के मछरिया इलाके में एक परिवार ने पड़ोसियों पर कई वर्षों से धमकी देने, मारपीट करने और बेटी पर धर्म बदलने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है. पीड़ित परिवार गुरुवार को डीसीपी साउथ कार्यालय पहुंचा और निष्पक्ष जांच, सुरक्षा तथा आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की. परिवार का कहना है कि वह लंबे समय से भय और असुरक्षा के माहौल में रह रहा है. पीड़ित परिवार के मुखिया रशीद अहमद ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी हिना ने वर्ष 2018 में आवास विकास क्षेत्र के एक युवक से प्रेम विवाह किया था. परिवार के मुताबिक, विवाह के बाद हिना ने हिंदू धर्म अपना लिया. आरोप है कि इसके बाद से पड़ोस के कुछ लोग हिना पर दोबारा मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाने लगे.

पिता के गंभीर आरोप

रशीद अहमद का दावा है कि बेटी के फैसले के विरोध में परिवार को लगातार धमकियां दी गईं और विवाद के दौरान उनके अन्य बच्चों को भी निशाना बनाया गया. उनका आरोप है कि 5 सितंबर 2021 को उनके घर पर हमला और पथराव किया गया था. इस घटना में उनकी बेटी गुलफ्शां गंभीर रूप से घायल हो गई थी. परिवार के अनुसार, गुलफ्शां का करीब 15 दिनों तक इलाज चला, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई. पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के बाद पुलिस को शिकायत दी गई थी, मगर आरोपियों के खिलाफ उस समय कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. परिवार का आरोप है कि बेटी की मौत के बाद भी उन्हें राहत नहीं मिली और पड़ोसियों की ओर से विवाद तथा दबाव का सिलसिला जारी रहा. पीड़ित पक्ष ने वर्ष 2021 की घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है.

बार-बार हमले का आरोप

परिवार ने बताया कि 16 अक्टूबर 2022 को दोबारा हुए कथित हमले में उनके बेटे का हाथ टूट गया था. पीड़ित पक्ष के अनुसार, इस मामले में स्थानीय पुलिस से मदद न मिलने पर उन्हें अदालत जाना पड़ा, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया. परिवार ने 4 अगस्त की एक और घटना का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि पड़ोसियों और उनके साथियों ने बेटे कासान के साथ मारपीट की तथा बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों को भी पीटा गया. डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इनपुट: नटवर कुमार

यह भी पढ़े: यूपी में भारी बारिश सड़क बही, 50 एकड़ फसल जलमग्न


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शशांक शेखर मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >