कल 25 अगस्त को यूपी में कैसा रहेगा मौसम? 25 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 75 की स्पीड में चलेगी हवा, जानें अपने शहर का हाल

UP Weather: उत्तर प्रदेश में 25 अगस्त को मौसम बिगड़ने वाला है. मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है. जानें आपके जिले का हाल.

UP Weather kal ka Mausam 25 August 2026: उत्तर प्रदेश में आज सोमवार की बारिश के बाद कल मंगलवार यानी 25 अगस्त को भी कई इलाकों में मौसम बिगड़ने वाला है. मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक बारिश का अलर्ट जारी किया है. पूर्वी यूपी में कई जगह भारी बारिश की आशंका है, जबकि पश्चिमी यूपी में भी तेज बारिश हो सकती है. बारिश के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा. ऐसे में अगर आप कल घर से निकलने वाले हैं तो पहले जान लें कि आपके जिले में बारिश कब और कितनी तेज हो सकती है और किन इलाकों में ज्यादा असर रहेगा.

पूर्वांचल में ज्यादा असर

25 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का असर ज्यादा व्यापक रहने की संभावना है. मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान में 25 अगस्त को पूर्वी यूपी के कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बताई गई है. इसके साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी यूपी के लिए 26 अगस्त को भी भारी बारिश की चेतावनी बरकरार है.

इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम केंद्र लखनऊ के जारी वर्षा पूर्वानुमान मानचित्र और बुलेटिन के आधार पर 25 अगस्त को प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर और झांसी समेत दक्षिणी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश की संभावना है. इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है.

मध्य यूपी में भी बरसेंगे बादल

लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, शाहजहांपुर और आसपास के जिलों में भी मौसम बदलने की संभावना है. यहां कई स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. हालांकि, हर जिले में एक जैसी बारिश होने की संभावना नहीं है.

पश्चिमी यूपी भी रहेगा गीला

25 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, हापुड़, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के लिए 25 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

गरज-चमक से रहें सावधान

बारिश के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी रह सकता है. ऐसे मौसम में खुले मैदान, पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचना बेहतर होगा. मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार 25 अगस्त के बाद पूर्वी यूपी में 26 अगस्त को भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.

अगले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 अगस्त को पूर्वी यूपी में भारी बारिश की चेतावनी है, इसके बाद 27 और 28 अगस्त को दोनों हिस्सों के लिए भारी बारिश की चेतावनी नहीं है, हालांकि स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 29 और 30 अगस्त को पूर्वी यूपी में फिर भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग की सलाह

25 अगस्त को बारिश के दौरान जलभराव और यातायात प्रभावित होने जैसी स्थानीय समस्याएं सामने आ सकती हैं. इसलिए बारिश के समय अनावश्यक यात्रा से बचें और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर न रहें. मौसम में बदलाव को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखना जरूरी है.

यह भी पढ़ें: आज यूपी में कहां होगी भारी बारिश? पूर्वांचल के लिए IMD का अलर्ट, कई जिलों में कक्षा 8वीं तक स्कूल बंद


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >