हेलीकॉप्टर से फूल बरसते ही मची अफरा-तफरी, तेज हवा से गिरे बाइक सवार, उड़कर पलटा चाय का ठेला, झांसी का VIDEO वायरल

उत्तर प्रदेश के झांसी में कांवड़ यात्रा के स्वागत के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा ने अफरा-तफरी मचा दी. हेलीकॉप्टर के काफी नीचे उड़ने से तेज हवा का दबाव बढ़ा, जिससे राहगीर और बाइक सवार गिर गए और कई सामान क्षतिग्रस्त हो गए.

UP News: उत्तर प्रदेश के झांसी में कांवड़ यात्रा के स्वागत के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा करना उस समय अफरा-तफरी का कारण बन गया, जब हेलीकॉप्टर के काफी नीचे उड़ने से तेज हवा का दबाव महसूस हुआ. हवा के तेज झोंके से सड़क पर चल रहे कुछ राहगीर और बाइक सवार संतुलन खोकर गिर गए. सड़क किनारे लगे होर्डिंग-बैनर फट गए, जबकि चाय का ठेला भी हवा के दबाव से खिसककर पलट गया. घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.

ओरछा से झांसी पहुंची थी कांवड़ यात्रा

बताया गया कि गुरुवार को मध्य प्रदेश के ओरछा से कांवड़ यात्रा झांसी पहुंची थी. यात्रा के स्वागत में हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की जा रही थी. इसी दौरान हेलीकॉप्टर के काफी नीचे उड़ने की बात सामने आई. स्थानीय लोगों के अनुसार, हेलीकॉप्टर के नीचे आने से हवा का दबाव अचानक बढ़ गया, जिससे सड़क पर मौजूद लोगों और आसपास रखे सामान पर तेज हवा का असर दिखाई दिया.

हवा के दबाव से गिर पड़े बाइक सवार, फटे बैनर

तेज हवा के कारण सड़क से गुजर रहे कुछ बाइक सवार अपना संतुलन नहीं संभाल सके और गिर गए. राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़क किनारे लगे होर्डिंग और बैनर हवा के दबाव से फट गए. आसपास मौजूद टेंट का सामान भी प्रभावित हुआ. बताया गया कि पेड़ों की कुछ डालियां भी टूट गईं, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई.

हवा में उड़ा चाय का ठेला, सामान हुआ क्षतिग्रस्त

घटना में सड़क किनारे खड़े चाय के ठेले के उड़कर पलटने का वीडियो और तस्वीरें चर्चा में हैं. ठेला संचालक निखिल अग्रवाल के मुताबिक, हेलीकॉप्टर काफी नीचे था और उसकी हवा के दबाव से ठेला अपनी जगह से खिसककर पीछे की ओर पलट गया. ठेले पर रखा सामान भी अस्त-व्यस्त होकर क्षतिग्रस्त हो गया. निखिल ने बताया कि वह ठेले के किनारे खड़े थे, इसलिए किसी तरह बच गए. उनका कहना है कि यदि ठेला उनके ऊपर गिरता तो गंभीर परेशानी हो सकती थी.

स्थानीय लोगों ने बताया- काफी नीचे उड़ रहा था हेलीकॉप्टर

स्थानीय क्षेत्रवासी अन्नू ने भी बताया कि कांवड़ यात्रा के स्वागत के लिए हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जा रही थी और वह काफी नीचे उड़ रहा था. उनके अनुसार, हेलीकॉप्टर के नीचे आने के बाद हवा का दबाव बढ़ा, जिससे सड़क किनारे रखा सामान प्रभावित हुआ और होर्डिंग-बैनर फट गए. मौके पर मौजूद कुछ लोग वीडियो और रील बना रहे थे. इसी दौरान उनके मोबाइल कैमरों में घटना रिकॉर्ड हो गई. अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.

Also Read: मिठाई में आखिर ऐसा क्या था? बनाने वाले दुकानदार ने खुद खाने से किया इनकार, SDM की जांच का वीडियो वायरल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजली कश्यप

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >