एक सेकेंड के शौक ने जिंदगी भर के लिए बनाया अपाहिज! रील के चक्कर में गंवा दिए दोनों पैर, 30 फीट की ऊंचाई से डैम में लगाई छलांग

Jhansi Dam Accident: रील बनाने के शौक में एक युवक की जान पर बन आई. पहूज डैम पर 30 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाने के कारण युवक के दोनों पैर टूट गए. गोताखोरों की मदद से उसे बचाया जा सका.

Jhansi Dam Accident: झांसी में रील बनाने के चक्कर में एक युवक को स्टंट करना भारी पड़ गया. पहूज डैम पर युवक ने करीब 30 फीट ऊंचाई से नदी में छलांग लगा दी. पानी कम होने की वजह से वह नीचे मौजूद चट्टान से जा टकराया, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए. हादसे के बाद युवक डूबने लगा, जिसे स्थानीय गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला गया. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे युवक के दोस्त बना रहे थे.

दोस्तों के सामने रेलिंग फांदकर लगाई छलांग

घटना रविवार शाम जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर पहूज डैम की है. रक्सा थाना क्षेत्र के परवाई गांव निवासी पुष्पेंद्र कुमार (32), पुत्र राजकुमार, अपने दोस्तों के साथ डैम घूमने पहुंचा था. बताया गया कि युवक वहां रील बना रहे थे. पुष्पेंद्र डैम के बाईं ओर बने व्यू पॉइंट पर पहुंचा, जबकि उसके दोस्त दूसरी ओर से उसका वीडियो बना रहे थे. व्यू पॉइंट पर लगी रेलिंग को फांदकर पुष्पेंद्र छलांग लगाने की पोजिशन में आया और देखते ही देखते करीब 30 फीट ऊंचाई से डैम में कूद गया.

कम पानी में चट्टान से टकराया, दोनों पैर टूटे

31 सेकेंड के वीडियो में पूरी घटना दिखाई दे रही है. पुष्पेंद्र के छलांग लगाने से ठीक पहले उसके दोस्त हंसते हुए कहते सुनाई देते हैं- “भगवान तेरी आत्मा को शांति दी.” इसके तुरंत बाद वह स्टंट करते हुए डैम में कूद जाता है. जिस जगह पुष्पेंद्र गिरा, वहां पानी काफी कम था और नीचे चट्टान मौजूद थी. चट्टान से टकराने के कारण उसके दोनों पैर टूट गए. चोट लगने के बाद वह तैर नहीं पा रहा था और डूबने लगा. वीडियो में वह एक बार अपने पैरों को हाथों से पकड़ता भी नजर आ रहा है.

गोताखोरों ने बचाई जान, दोनों पैरों का हुआ ऑपरेशन

पुष्पेंद्र के डूबने की स्थिति देखते हुए आसपास मौजूद गोताखोरों ने उसे किसी तरह पानी से बाहर निकाला. घटना की सूचना मिलने पर ग्रासलैंड चौकी प्रभारी रणविजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद उसके परिजन भी अस्पताल पहुंचे. पुष्पेंद्र के चचेरे भाई राजीव ने बताया कि जहां वह गिरा, वहां करीब साढ़े तीन फीट पानी था. चोट की वजह से उसके दोनों पैर टूट गए. डॉक्टरों ने दोनों पैरों का ऑपरेशन कर दिया है और फिलहाल उसकी हालत ठीक बताई जा रही है. पुष्पेंद्र का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है.

Must Read- देश का सबसे साफ हवा वाला शहर बना लखनऊ, NCAP सर्वे में मारी बाजी, जानिए कैसे नंबर-1 बना नवाबों का शहर?

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कोमल अग्रवाल

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >