Jhansi Crime News: झांसी के मसियागंज चौकी क्षेत्र के एक मोहल्ले में बंद मकान से बुजुर्ग दंपती के शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतकों की पहचान विश्वनाथ पाल (70-75 वर्ष) और उनकी पत्नी के रूप में हुई है. दोनों के शव करीब 5-6 दिन पुराने बताए जा रहे हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची. आईजी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली.
बंद मकान में मिले दंपती के शव, शरीर पर चोट के निशान स्पष्ट नहीं
पुलिस के मुताबिक, मृतक के बेटे जगपाल की सूचना पर टीम घटनास्थल पर पहुंची थी. शुरुआती जांच और सीन ऑफ क्राइम के निरीक्षण के आधार पर दोनों की मौत करीब पांच से छह दिन पहले होने की आशंका है. शव काफी ज्यादा सड़-गल चुके हैं और उन पर मैगट्स लग गए थे. इसी वजह से प्रथम दृष्टया शरीर पर चोट के निशान स्पष्ट नहीं हो पा रहे हैं. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.
बेटे ने किराएदार पर जताया शक, घटना के बाद से बताया जा रहा है गायब
मृतक के बेटे जगपाल ने पुलिस को बताया कि उनके मकान में सत्येंद्र नाम का किराएदार रहता था. जगपाल के मुताबिक, करीब सात-आठ दिन पहले वह यहां आया था और तीनों ने साथ में मीट बनाया था तथा शराब का सेवन किया था. इसके बाद जगपाल अपने घर चले गए थे, जबकि उनके माता-पिता और किराएदार वहीं थे. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद सत्येंद्र का फोन आया था, लेकिन उसके बाद से वह गायब है. पुलिस उसके मोबाइल को ट्रेस करने और लोकेशन पता करने का प्रयास कर रही है. जगपाल की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है.
SOG को लगाया गया, SP सिटी की निगरानी में जांच
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए SOG को जांच में लगा दिया है. एसपी सिटी को नोडल अधिकारी बनाया गया है और उनकी निगरानी में मामले की जांच की जा रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को एफएसएल टीम ने जुटाया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी मौत के कारण को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अधिकारी ने यह भी कहा कि जांच से जुड़ी सभी जानकारियां फिलहाल सार्वजनिक करना उचित नहीं होगा.
