UP News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में प्रेमी के साथ शादी करने के लिए घर से निकली युवती की कहानी डेढ़ साल बाद सामने आई. प्रयागराज पहुंचने के बाद प्रेमी के पीछे हटने पर युवती कानपुर चली गई. वहां मंदिर में रहने के दौरान उसकी मुलाकात एक सपेरे से हुई, जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली. करीब डेढ़ साल बाद पुलिस ने युवती को उसके पति और पांच माह की बच्ची के साथ कानपुर में बरामद किया.
प्रेमी के पीछे हटने पर कानपुर पहुंची युवती
पुलिस के अनुसार, सुजानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती का गांव के ही दूसरी बिरादरी के युवक से प्रेम संबंध था. परिवार को दोनों के रिश्ते की जानकारी हुई, तो उन्होंने घर छोड़कर साथ रहने की योजना बनाई. एक जनवरी 2025 को युवती घर से निकलकर प्रयागराज पहुंची, लेकिन वहां पहुंचने के बाद युवक डर गया और उसने साथ जाने से इन्कार कर दिया. सके बाद युवती घर वापस नहीं लौटी और ट्रेन से कानपुर चली गई. परिजनों ने युवक पर संदेह जताते हुए उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी. कानपुर में युवती एक मंदिर में रुकी. इसी दौरान उसने एक ई-रिक्शा चालक को अपनी परेशानी बताई. चालक ने उसे फोन दिया, जिससे उसने घर पर फोन लगाया, लेकिन परिजनों से बात नहीं की.
हाईकोर्ट पहुंचा मामला, पुलिस ने शुरू की तलाश
पुलिस के मुताबिक, युवती ने अपने प्रेमी से भी फोन पर संपर्क कर उसे कानपुर बुलाने का प्रयास किया. युवक ने बातचीत रिकॉर्ड कर पुलिस को सौंप दी और युवती के कानपुर में होने की जानकारी उसके परिवार को दी. इसके बाद युवक के परिवार की ओर से इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई. कोर्ट ने युवक को राहत देते हुए युवती को बरामद करने और मामले की जांच के निर्देश दिए. पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को खोज निकाला. उसने बताया कि युवती एक दिन उसके घर रुकी थी और फिर वहां से चली गई. पुलिस ने मंदिर समेत कई संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसी दौरान कोर्ट के आदेश पर ई-रिक्शा चालक का नार्को टेस्ट कराने की तैयारी भी चल रही थी.
अज्ञात युवती के शव का कराया गया डीएनए टेस्ट
इसी बीच कानपुर में बोरे में एक युवती का शव मिलने की सूचना ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी. पुलिस ने शव का डीएनए परीक्षण कराया, लेकिन जांच में स्पष्ट हुआ कि वह लापता युवती नहीं थी. इसके बाद पुलिस ने गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए पोर्टल पर युवती की फोटो अपलोड कर उसकी खोज शुरू की. लिस की इसी कवायद के दौरान युवती कानपुर में एक सपेरे के साथ मिल गई. पूछताछ में सामने आया कि मंदिर में रहने के दौरान उसकी मुलाकात सपेरे से हुई थी. बाद में दोनों ने शादी कर ली और साथ रहने लगे. करीब डेढ़ साल बाद युवती अपने पति और पांच माह की बच्ची के साथ पुलिस को मिली. इस तरह प्रेमी के साथ घर से निकली युवती की तलाश का सिलसिला हाईकोर्ट से लेकर डीएनए जांच और गुमशुदा पोर्टल तक पहुंचने के बाद खत्म हुआ.
Also Read: उम्र का अंतर कम होने पर भी महिला कर्मचारी को मिलेगा मातृत्व अवकाश,लखनऊ हाई कोर्ट का फैसला
