कान्हा के रंग में रंगे योगी: आधी रात गोरखनाथ मंदिर में गूंजे सोहर, सीएम ने गोद में खिलाए लड्डू गोपाल

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा, लखनऊ और गोरखपुर में पूजा-अर्चना की. गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में उन्होंने मध्यरात्रि में लड्डू गोपाल को गोद में लेकर आरती उतारी और श्रद्धालुओं संग उत्सव मनाया.

UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की मध्यरात्रि गोरक्षपीठ परिसर भक्ति और उल्लास के चरम पर पहुंच गया. मथुरा और लखनऊ के बाद देर रात गोरखनाथ मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कान्हा के प्राकट्य पर विशेष पूजा-अर्चना की और फिर लड्डू गोपाल को गोद में लेकर गर्भगृह से बाहर आए. मंगल गीतों, सोहर और घंट-घड़ियाल की गूंज के बीच सीएम योगी ने प्रभु को फूलों से सजे पालने में झुलाकर आरती उतारी, जबकि परिसर में मौजूद श्रद्धालु ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से झूम उठे.

मथुरा से लखनऊ और फिर गोरखपुर पहुंचे सीएम योगी

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पूरा दिन भगवान श्रीकृष्ण की आराधना में बीता. सुबह उन्होंने मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में विधि-विधान से पूजा की और प्रदेशवासियों के सुखमय जीवन की कामना की. इसके बाद मुख्यमंत्री लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह में शामिल हुए. शुक्रवार रात वह गोरखपुर पहुंचे और गोरखनाथ मंदिर में आयोजित पारंपरिक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में शामिल हुए.

गुरु गोरखनाथ का दर्शन कर लिया आशीर्वाद

गोरखनाथ मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया. इसके बाद उन्होंने अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर मत्था टेका और पुष्पार्चन किया.

मध्यरात्रि में हुआ श्रीकृष्ण का प्राकट्य

गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह में मुख्य धार्मिक अनुष्ठान रात करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुआ. मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के साथ मंगल गीत और सोहर गूंज उठे.नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की’ और ‘श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी, हे नाथ नारायण वासुदेव’ की धुन के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लड्डू गोपाल को गोद में लेकर गर्भगृह से बाहर आए.

फूलों से सजे पालने में झुलाए लड्डू गोपाल

श्रीकृष्ण प्राकट्य के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल को फूलों से सजे पालने में विराजमान कराया. इसके बाद उन्होंने श्रद्धाभाव से पालना झुलाया और आरती उतारी. धार्मिक अनुष्ठान पूरा होने के बाद मंदिर की ओर से श्रद्धालुओं में फलाहार और प्रसाद का वितरण किया गया.

राधा-कृष्ण बने बच्चों पर बरसा सीएम योगी का स्नेह

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में आयोजित भजन संध्या के दौरान राधा और कृष्ण के रूप में सजे बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को प्यार-दुलार किया. उन्होंने बच्चों को खिलौने और चॉकलेट उपहार में दिए. कुछ बच्चों ने सीएम योगी को दोहे और श्लोक सुनाए, जबकि कई बच्चों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं.

बालरूप सज्जा प्रतियोगिता ने मोहा मन

श्रीकृष्ण बालरूप सज्जा प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी मनमोहक वेशभूषा से लोगों का दिल जीत लिया. कोई श्रीकृष्ण बना था तो कोई राधा के स्वरूप में नजर आया. कान्हा वर्ग में शर्विल पांडेय को प्रथम, सौम्या प्रजापति को द्वितीय और हिमांशी श्रीवास्तव को तृतीय पुरस्कार मिला. गोपाल वर्ग में सार्थक प्रथम, राजवीर द्वितीय और रूद्र तृतीय स्थान पर रहे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया.

भजनों और सोहर से गूंजा मंदिर परिसर

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में आयोजित भजन संध्या में कान्हा-श्याम की भक्ति की गूंज सुनाई दी. भजन, सोहर और बधाई गीतों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया. वहीं गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह में भी देर रात तक कृष्ण भजनों की प्रस्तुति होती रही. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन्मोत्सव से पहले भजनों का श्रवण भी किया.

श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा मंदिर परिसर

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. साधु-संतों और जनप्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रही. मध्यरात्रि तक गोरखनाथ मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा. भक्ति, आस्था और उल्लास के बीच गोरक्षपीठ में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की परंपरा भव्य रूप में संपन्न हुई.

Also Read: मंदाकिनी ने मचाई ऐसी तबाही, तुलसीदास मंदिर खंडित, हनुमान मंदिर टूटा, चित्रकूट में पानी उतरते ही दिखा खौफनाक मंजर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By खुशी सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >