मासूम सरस बना रंजिश का शिकार, गोरखपुर में 9 साल के बच्चे की पीट-पीटकर हत्या

UP News: गोरखपुर के पिपराइच में पुरानी रंजिश के चलते 9 साल के सरस की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. छेड़खानी के विवाद में हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत है. पुलिस मुख्य आरोपियों की तलाश कर रही है.

UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और छेड़खानी के विवाद ने एक मासूम की जान ले ली. बेला चौराहे पर शनिवार रात हुई हिंसक झड़प में 9 वर्षीय सरस सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका मौसेरा भाई शिवकुमार गंभीर रूप से घायल है. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस ने गांव में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है और मुख्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है. वहीं, मामले में लापरवाही बरतने पर पिपराइच थानेदार विवेक त्रिवेदी को लाइन हाजिर कर दिया गया है.

मौसी के घर रहकर पढ़ाई करता था सरस

जानकारी के मुताबिक, एम्स थाना क्षेत्र के अराजी बसडीला निवासी अरविंद सिंह का 9 वर्षीय बेटा सरस सिंह अपनी मौसी के घर रहकर कक्षा चार में पढ़ाई करता था. उसकी मां का करीब पांच साल पहले निधन हो चुका था. परिवार को उम्मीद नहीं थी कि पुरानी रंजिश की आग में एक मासूम की जान चली जाएगी.

छेड़खानी के विवाद से शुरू हुई थी रंजिश

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले शिवकुमार की बहन, जो कक्षा 11 की छात्रा है, के साथ कथित छेड़खानी को लेकर सिकंदर साहनी और पीड़ित परिवार के बीच विवाद हुआ था. गांव में पंचायत भी हुई और समझौता करा दिया गया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच मनमुटाव खत्म नहीं हुआ.

बेला चौराहे पर घेरकर किया हमला

शनिवार शाम सरस और शिवकुमार पान की दुकान की ओर जा रहे थे. आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने बेला चौराहे के पास दोनों को घेर लिया. इसके बाद लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, ईंट और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमलावरों का निशाना शिवकुमार था, लेकिन बीच-बचाव में सरस भी गंभीर रूप से घायल हो गया.

इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलते ही पिपराइच पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. वहां से हालत गंभीर होने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. इलाज के दौरान देर रात 9 वर्षीय सरस की मौत हो गई, जबकि शिवकुमार का इलाज जारी है.

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा कुंदन सिंह ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है.

गांव में पुलिस बल तैनात, स्थिति पर नजर

घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है. किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.

Also Read: वाराणसी FIR पर UP की सियासत तेज, अखिलेश यादव X पर पूछा- क्या अब 'रावण का वेश' पहनने वालों पर भी केस होगा?


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >