Ganga Expressway News: UP में करोड़ों की लागत, चमचमाती सड़क के बड़े-बड़े दावे और पहली ही बारिश में खुली पोल! उत्तर प्रदेश के महत्वाकांक्षी गंगा एक्सप्रेसवे पर 10 मीटर गहरे गड्ढे की मरम्मत अभी सूखी भी नहीं थी कि सड़क पर फिर से नदी की धाराओं जैसी दरारें उभर आईं. उन्नाव के पास का यह खौफनाक मंजर सामने आते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर कर लोगों को चेताया—"सावधान... खतरे में है आपकी जान!" इस ताजा खुलासे ने एक्सप्रेसवे के निर्माण और UPEIDA की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
अखिलेश यादव ने एक्स पर शेयर किया वीडियो
अखिलेश यादव ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “सावधान... खतरे में है आपकी जान!” उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे पर दिखाई दे रही दरारों की तुलना नदी की धाराओं से की. अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि ये दरारें भाजपा के भ्रष्टाचार की गवाही दे रही हैं. उन्होंने इसे “जानलेवा” भी बताया.
बारिश के बाद पहले भी आई थी परेशानी
गंगा एक्सप्रेसवे पर बारिश के कारण पहले भी कई हिस्सों में समस्या सामने आ चुकी है. लगातार बारिश के बाद कुछ जगहों पर मिट्टी धंसने और कटाव की शिकायत मिली थी. इसके बाद संबंधित एजेंसियों ने प्रभावित हिस्सों में मरम्मत और पैचवर्क कराया था. अब मरम्मत वाले हिस्से में दरारें दिखाई देने के दावे ने सड़क की गुणवत्ता को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. अखिलेश यादव ने इसी मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधा है.
हाल ही में बना था करीब 10 मीटर गहरा गड्ढा
इससे पहले भारी बारिश के बाद गंगा एक्सप्रेसवे पर करीब 10 मीटर गहरा गड्ढा बनने की खबर सामने आई थी. मेरठ-प्रयागराज कैरिजवे पर किलोमीटर 421 के पास सड़क और आसपास का एम्बैंकमेंट बारिश के पानी के बहाव से क्षतिग्रस्त हुआ था. इसके बाद उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (UPEIDA) की टीम मौके पर पहुंची थी. प्रभावित हिस्से में मरम्मत का काम भी शुरू कराया गया था.
एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर फिर उठे सवाल
बारिश के बाद बार-बार सामने आ रही इन समस्याओं ने गंगा एक्सप्रेसवे की सड़क और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े किए हैं. वहीं, विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार पर हमलावर है. अखिलेश यादव के ताजा पोस्ट के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
