पति हिरासत में था, पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया और चली गई जान, 6 पुलिसकर्मी निलंबित

फिरोजाबाद में पुलिस हिरासत में लिए गए युवक की गर्भवती पत्नी की प्रसव के बाद मौत हो गई. इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर हंगामा किया, जिसके बाद 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है.

Firozabad News : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में चोरी के शक में एक युवक को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद उसकी गर्भवती पत्नी की तबीयत बिगड़ गई. प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई. घटना से नाराज ग्रामीणों ने शिकोहाबाद थाने का घेराव कर हंगामा किया. मामले में एसएसपी ने लापरवाही बरतने पर दो एसआई समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है.

चोरी के शक में पति को हिरासत में ले गई थी पुलिस

मामला शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव लभौआ का है. शुक्रवार रात गांव में जहेश कुमार की परचून की दुकान में चोरी हुई थी. इसके बाद रविवार रात पुलिस ने चोरी के शक में गौरव और अजेंद्र प्रताप को हिरासत में लिया और थाने ले गई. बताया गया कि गौरव की पत्नी अंजलि (28) गर्भवती थीं. पति को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई. परिजन उन्हें शिकोहाबाद संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे.

प्रसव के बाद बिगड़ी हालत, निजी अस्पताल में मौत

परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे अंजलि ने बेटे को जन्म दिया. इसके बाद उनकी हालत और बिगड़ गई. डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अंजलि को मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया.

ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया

घटना से नाराज ग्रामीण ट्रैक्टरों पर सवार होकर शिकोहाबाद थाने पहुंच गए. बड़ी संख्या में लोगों ने थाने का घेराव कर हंगामा किया. इस दौरान नाराज महिलाओं ने थाने में कुर्सियां भी फेंकीं. मामला बढ़ता देख पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. इसके बाद मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच शुरू की गई.

दो एसआई समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एसएसपी आदित्य लांग्हे ने मामले में लापरवाही बरतने पर छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. निलंबित पुलिसकर्मियों में एसआई धर्मपाल सिंह, एसआई सत्यपाल सिंह, हेड कांस्टेबल मोहन सिंह, हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार, कांस्टेबल भवतोष कुमार और प्रशिक्षु कांस्टेबल कुलदीप कुमार शामिल हैं. मामले की जांच एएसपी जयबिंद कुमार गुप्ता को सौंपी गई है.

तबीयत खराब थी तो छोड़ देना चाहिए था

एसएसपी आदित्य लांग्हे ने कहा कि जब पुलिस को गौरव की पत्नी की तबीयत खराब होने की जानकारी थी तो उसे छोड़ दिया जाना चाहिए था. मामले में लापरवाही बरतने पर छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है.

Also Read : आगरा में गुरुजी का गुस्सा छात्र पर पड़ा भारी, डंडे से पिटाई के बाद टूटा हाथ, अब दर्ज हुई FIR

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >