11 दिन तक स्कूल में छिपाकर रखा करैत सांप, पति की हत्या के लिए पत्नी ने ऐसे रची थी खौफनाक साजिश

मेरठ में स्कूल संचालक की हत्या का मामला गरमाया. पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई थी. वारदात को अंजाम देने के लिए करैत सांप का इस्तेमाल किया गया.

मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में स्कूल संचालक अतुल पंवार की हत्या के मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. अब पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पत्नी दामिनी ने वारदात से करीब 11 दिन पहले ही जहरीले करैत सांप को स्कूल परिसर में छिपाकर रखा था. हत्या की पूरी साजिश इतनी सुनियोजित थी कि इसे सामान्य सर्पदंश का मामला दिखाने की कोशिश की गई.

स्कूल में रखा था मौत का सामान

पुलिस के मुताबिक, दामिनी और उसके प्रेमी तुषार पायल ने तीन महीने पहले ही अतुल की हत्या की योजना बना ली थी. वारदात को अंजाम देने के लिए दोनों ने दो सपेरों की मदद से करैत सांप का इंतजाम किया. सांप को एक डिब्बे में बंद कर स्कूल परिसर में 11 दिनों तक छिपाकर रखा गया, ताकि हत्या वाले दिन उसे आसानी से इस्तेमाल किया जा सके.

पहले बेहोश किया, फिर सांप से डसवाया

जांच में सामने आया कि घटना से एक रात पहले दामिनी ने पति अतुल को दूध में करीब 25 नींद की गोलियां मिलाकर पिला दी थीं. शुक्रवार तड़के प्रेमी तुषार और दो सपेरे सांप लेकर घर पहुंचे. अतुल के गहरी नींद में होने का फायदा उठाकर उसकी चादर में करैत छोड़ दिया गया. सांप ने पैर में डस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

CDR और गूगल सर्च से खुली पूरी कहानी

शुरुआत में आरोपी पत्नी ने इसे सामान्य सर्पदंश बताने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम से बचने की कोशिश और पुलिस की जांच ने मामला पलट दिया. कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) में दामिनी और तुषार के बीच पिछले छह महीने में 2,000 से ज्यादा बातचीत का रिकॉर्ड मिला. पूछताछ में यह भी सामने आया कि दामिनी ने गूगल पर "करैत सांप के काटने पर कितनी देर में मौत होती है" जैसी जानकारी भी खोजी थी. इससे पुलिस को साजिश के पुख्ता सबूत मिले.

चार आरोपी जेल भेजे गए

पुलिस ने इस मामले में पत्नी दामिनी, उसके प्रेमी तुषार पायल और दोनों सपेरों सोनू व उदय को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और इलेक्ट्रॉनिक व फॉरेंसिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें: बेड पर सो रही MBBS छात्रा को सांप ने डसा, अयोध्या मेडिकल कॉलेज में मचा हड़कंप


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Tilak Kumar

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >