बारिश से खराब सड़कों पर CM योगी सख्त, तत्काल मरम्मत के निर्देश, त्योहारों से पहले 681 प्रमुख मार्ग होंगे गड्ढामुक्त

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश से खराब हुईं सड़कों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. त्योहारों के मद्देनज़र 681 प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता से ठीक किया जाएगा, ताकि आवागमन सुगम रहे.

CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश में बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के कारण खराब हुई सड़कों को पहले चरण में आवागमन योग्य यानी मोटरेबल बनाया जाए. बरसात समाप्त होने के बाद सड़क की स्थिति के अनुसार उसका स्थायी नवीनीकरण कराया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि गड्ढामुक्ति अभियान केवल खानापूर्ति या पैचवर्क तक सीमित नहीं रहना चाहिए.

त्योहारों से पहले प्रमुख मार्गों पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले पर्व-त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होगा. ऐसे में प्रमुख मार्गों पर यातायात में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा, नवरात्रि, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा को देखते हुए प्रदेश में 681 महत्वपूर्ण मार्ग चिन्हित किए गए हैं. इन मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त और बेहतर स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए हैं.

बारिश में नए क्षतिग्रस्त मार्गों का भी होगा सर्वे

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बारिश के दौरान सड़कों की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा. उन्होंने नए क्षतिग्रस्त मार्गों का भी सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं. बैठक में बताया गया कि अतिवृष्टि के अलावा एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे समेत विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं के कारण भारी वाहनों की आवाजाही से भी कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं. इनका विभागवार सर्वे कराया जा रहा है.

9 विभागों की 4.36 लाख किमी सड़कें अभियान में शामिल

समीक्षा में बताया गया कि गड्ढामुक्ति अभियान में 9 विभागों के मार्ग शामिल हैं. इनके अधीन करीब 4.36 लाख किलोमीटर सड़कें हैं. मौजूदा लक्ष्य के तहत करीब 50 हजार किलोमीटर मार्गों को गड्ढामुक्त किया जाना है. अब तक करीब 5,751 किलोमीटर सड़क पर काम पूरा होने की जानकारी दी गई. क्षतिग्रस्त सड़कों के सर्वे के बाद विभागवार लक्ष्य को अंतिम रूप दिया जाएगा.

30 हजार किमी सड़क के नवीनीकरण का लक्ष्य

सड़कों के नवीनीकरण और विशेष मरम्मत की भी समीक्षा हुई. विभाग के अनुसार करीब 30 हजार किलोमीटर सड़क के नवीनीकरण और 5 हजार किलोमीटर के विशेष मरम्मत का लक्ष्य रखा गया है. अब तक करीब 14 हजार किलोमीटर नवीनीकरण और करीब 700 किलोमीटर विशेष मरम्मत का काम पूरा होने की जानकारी दी गई.

स्कूल, अस्पताल और बाजारों की सड़कें प्राथमिकता पर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन से सीधे जुड़ी है. इसलिए शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, मुख्य बाजारों, सरकारी कार्यालयों और अधिक जन-आवागमन वाले स्थानों तक जाने वाली सड़कों को प्राथमिकता दी जाए. उन्होंने अधिकारियों को तत्काल काम शुरू कराने और जरूरत वाली सड़कों को बिना देरी आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए, इसके साथ ही काम में तेजी के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करने को भी कहा.

कई विभागों की कार्ययोजना की समीक्षा

बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों की कार्ययोजना की भी जानकारी ली गई. इसके अलावा मंडी परिषद, पंचायती राज, सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास, आवास एवं शहरी नियोजन तथा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की कार्ययोजनाओं की समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया. बैठक में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री ब्रजेश सिंह, औद्योगिक विकास विभाग के राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद और ग्राम्य विकास राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: लखनऊ में दरोगा की दबंगई! भाजपा बूथ अध्यक्ष का पिस्टल की बट से फोड़ा सिर, गर्भवती महिला को मारी लात

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >