UP News : उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर को शुक्रवार को विकास की बड़ी सौगात मिलने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले के दौरे पर रहेंगे और एक साथ 706.81 करोड़ रुपये की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. सड़क, पेयजल, बिजली, पर्यटन और कौशल विकास जैसी कई अहम योजनाओं की शुरुआत के साथ जिले के टांडा, आलापुर और जलालपुर क्षेत्रों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री गोविंद साहब में जनसभा को भी संबोधित करेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र व प्रमाणपत्र वितरित करेंगे.
गोविंद साहब से विकास परियोजनाओं की होगी शुरुआत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा अम्बेडकरनगर तहसील आलापुर के विकासखंड रामनगर स्थित पूर्वांचल के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल गोविंद साहब में प्रस्तावित है. यहीं से वह जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों—टांडा, आलापुर और जलालपुर—के लिए 706.81 करोड़ रुपये की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.
194 परियोजनाओं से बदलेगी जिले की तस्वीर
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सड़क, पेयजल, बिजली, पर्यटन, लोक निर्माण और कौशल विकास समेत कई विभागों की योजनाओं को नई गति मिलेगी. इन परियोजनाओं से लोगों को बेहतर सड़कें, स्वच्छ पेयजल, मजबूत बिजली व्यवस्था और रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है.
टांडा, आलापुर और जलालपुर को मिलेगा सबसे बड़ा फायदा
इन परियोजनाओं में टांडा विधानसभा क्षेत्र के लिए 69 परियोजनाओं पर 217.69 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. आलापुर विधानसभा क्षेत्र में 75 परियोजनाओं पर 312.18 करोड़ रुपये और जलालपुर विधानसभा क्षेत्र में 50 परियोजनाओं पर 176.93 करोड़ रुपये की योजनाएं शामिल हैं.
158 परियोजनाओं का लोकार्पण, 36 का होगा शिलान्यास
कुल 194 परियोजनाओं में 158 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, जिनकी लागत 560.83 करोड़ रुपये है. वहीं 36 नई परियोजनाओं का शिलान्यास होगा, जिनकी कुल लागत 145.98 करोड़ रुपये बताई गई है. सरकार का मानना है कि इन योजनाओं से जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी.
जनसभा को करेंगे संबोधित, लाभार्थियों को देंगे प्रमाणपत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के दौरान जनसभा को संबोधित करेंगे. साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाणपत्र भी वितरित करेंगे. सरकार का कहना है कि इस दौरे से केवल बुनियादी ढांचे को ही मजबूती नहीं मिलेगी, बल्कि कौशल विकास और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी नई पहचान मिलेगी.
इन क्षेत्रों में होंगे प्रमुख विकास कार्य
आलापुर विधानसभा क्षेत्र में ओझानगर बड़ी पण्डौली पिच से कठवत कोल गांव तक संपर्क मार्ग, एनएच-233 से कनकपुर होते हुए रुस्तमपुर तक संपर्क मार्ग, मंझरिया मार्ग, चकमसेना हरिजन बस्ती मार्ग, बधईपुर खास मार्ग, रन्नूपुर बगिया खास, समैसा सोनहू, जैती, गंगासागर खास, नसीरपुर छितौना, किन्नूपुर और जोलहापुर हरिजन बस्ती संपर्क मार्ग समेत कई सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण होगा. टांडा विधानसभा क्षेत्र में सेमरा नसीरपुर डिहवा संपर्क मार्ग, लखनपुर पण्डौलिया संपर्क मार्ग, वाहिद पट्टी खास संपर्क मार्ग, नौरहनी रामपुर बिहारी का पुरवा मार्ग और बीबीपुर उसरा भरौटी संपर्क मार्ग सहित कई परियोजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी. जलालपुर विधानसभा क्षेत्र में बन्दीपुर रोड से जैतपुर दक्षिण पुरवा मार्ग, नेवादा अमोला से उदया संपर्क मार्ग, आजनपारा से चकिया मार्ग, जमलापुर चमरौट मार्ग, मालीपुर-धमरूआ-नेमपुर घाट मार्ग और मालीपुर-जलालपुर-रामगढ़ मार्ग जैसे कई महत्वपूर्ण सड़क कार्यों का लोकार्पण होगा.
मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियां पूरी
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की गई है. सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि कार्यक्रम का आयोजन पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल रहे, ताकि आमजन और लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
Also Read : माफिया अतीक के सबसे छोटे बेटे आबान सड़क हादसे में मौत के बाद , वायरल रील का मामला फिर बना चर्चा का विषय
