चंदौली में झूला झूलते वक्त नहर में गिरी बच्ची, बहन को बचाने कूदा भाई, दोनों की मौत

चंदौली में खेलते समय नहर में गिरी चार वर्षीय बच्ची को बचाने के लिए उसके 10 वर्षीय भाई ने भी नहर में छलांग लगा दी. तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई. इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है.

UP News: चंदौली में स्कूल से घर लौटते समय नहर किनारे झूला झूल रही चार वर्षीय बच्ची अचानक पानी में गिर गई. उसे बचाने के लिए 10 वर्षीय भाई ने नहर में छलांग लगा दी. तेज बहाव और गहरे पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा है.

झूला झूलते समय नहर में गिरी बच्ची

चंदौली जिले में सोमवार, 24 अगस्त की दोपहर मथेला प्राथमिक विद्यालय की छुट्टी के बाद बच्चे घर लौट रहे थे. नहर की पुलिया के पास नीम के पेड़ पर साड़ी से झूला बनाया गया था. वहां गांव के अन्य बच्चों को झूला झूलते देख चार वर्षीय साक्षी और उसका 10 वर्षीय भाई क्षितिज भी झूला झूलने लगे. इसी दौरान झूला अनियंत्रित हो गया और साक्षी नहर में जा गिरी.

बहन को बचाने के लिए भाई ने लगाई छलांग

बहन को नहर में डूबता देख क्षितिज ने बिना सोचे-समझे उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी. नहर में पानी काफी गहरा था और बहाव भी तेज था. देखते ही देखते दोनों बच्चे पानी में ओझल हो गए. मौके पर मौजूद अन्य बच्चों ने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी, जिसके बाद ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे.

गोताखोरों ने बरामद किए दोनों के शव

सूचना मिलने के बाद बलुआ थाना पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नहर में दोनों बच्चों की तलाश शुरू कराई. कुछ दूरी पर तलाश के दौरान दोनों के शव पानी से बरामद कर लिए गए. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सकलडीहा, चंदौली के डिप्टी एसपी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि 24 अगस्त को स्कूल से लौटते समय बच्ची अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई थी. उसे बचाने के प्रयास में उसका भाई भी नहर में डूब गया. पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है.

Also Read: नेपाल से यूपी तक मिला सोने का गुप्त रास्ता, 10 किलो सोने ने खोली तस्करी की परतें, कन्नौज पहुंचा 100 किलो सोना और सामने आया पूरा नेटवर्क


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजली कश्यप

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >