UP Crime: नगरा थाना क्षेत्र के गड़वार मोड़ स्थित क्लीनिक में हुई संचालिका कंचन भारती (35) की हत्या की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है. मामले में पुलिस ने मृतका के भतीजे ओंकारेश्वर उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में हत्या की वजह कंचन का किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करना सामने आया है. आरोपी ने कथित तौर पर इसी बात को लेकर चाची से विवाद के बाद लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया. कंचन भारती खारी गांव निवासी बसपा नेता सियाराम की पत्नी थीं. वह करीब एक वर्ष से नगरा के गड़वार मोड़ पर क्लीनिक संचालित कर रही थीं. मंगलवार की देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचीं तो पति सियाराम उन्हें लेने क्लीनिक पहुंचे. वहां कंचन का खून से लथपथ शव पड़ा मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की थी.
चाची को दूसरे व्यक्ति से बात करते देख भड़का
पुलिस के मुताबिक, ओंकारेश्वर मंगलवार को कंचन को क्लीनिक पर छोड़कर बाजार चला गया था. कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो उसने कंचन को एक व्यक्ति से बातचीत करते देखा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ओंकारेश्वर ने लोहे की रॉड से कंचन के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई.
परिवार को पहले से थी रिश्ते की जानकारी
थाना प्रभारी संजय मिश्र के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि कंचन के साथ उसके संबंध थे. परिवार के लोगों को इसकी जानकारी हो गई थी और करीब एक माह पहले दोनों को समझाया भी गया था. पुलिस अब हत्या की पूरी परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
पति की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा
घटना के बाद कंचन के पति सियाराम की तहरीर पर ओंकारेश्वर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक जांच में महिला की मौत सिर पर लोहे के पाइप/रॉड से प्रहार के कारण होने की बात सामने आई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था.
24 घंटे में खुला हत्या का राज
गड़वार मोड़ स्थित क्लीनिक में खून से लथपथ कंचन का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. शुरुआती तौर पर पुलिस अज्ञात हमलावर की तलाश में जुटी थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर शक की सुई परिवार के ही सदस्य की ओर गई.
