UP News: अदालत से बरी होने के बाद पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह पहली बार लखनऊ पहुंचे तो समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया. करीब 100 गाड़ियों का काफिला शहर में पहुंचा. जगह-जगह स्वागत के दौरान कहीं बुलडोजर से फूल बरसाए गए, तो कहीं क्रेन से माला पहनाई गई. इस दौरान शहीद पथ पर भीषण जाम लग गया. वहीं, पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर बृजभूषण ने कहा, “वह बहुत अच्छे आदमी हैं. उनका कोई दोष नहीं था, बल्कि सिस्टम का दोष था.”
20 जगहों पर हुआ बृजभूषण का स्वागत
महिला पहलवानों से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी होने के बाद बृजभूषण बुधवार को पहली बार लखनऊ पहुंचे. करीब 100 गाड़ियों के काफिले के साथ शहर में निकले बृजभूषण का करीब 20 स्थानों पर समर्थकों ने स्वागत किया. उनके काफिले के चलते शहीद पथ पर भीषण जाम की स्थिति बन गई. बड़ी संख्या में समर्थक उनके स्वागत के लिए अलग-अलग जगहों पर मौजूद रहे.
बुलडोजर से हुई फूलों की बारिश
अवध विहार में विनय शाही और शुभम सिंह की अगुवाई में समर्थकों ने बृजभूषण का स्वागत किया. यहां दो बुलडोजरों से उन पर फूलों की बारिश की गई. इसके बाद आलमबाग पुल के पास भी उनका स्वागत हुआ. आगमन गौरव राय और उनके साथियों ने उनका अभिनंदन किया. इस दौरान क्रेन की मदद से बृजभूषण को माला पहनाई गई.
धर्मेंद्र प्रधान पर क्या बोले बृजभूषण?
पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात और उनसे जुड़े सवाल पर बृजभूषण ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान बहुत अच्छे आदमी हैं. उन्होंने कहा कि उनका कोई दोष नहीं था, बल्कि दोष सिस्टम का था.
बोले- लखनऊ हमारा घर है
समर्थकों के भव्य स्वागत से बृजभूषण शरण सिंह उत्साहित नजर आए. लखनऊ पहुंचने पर उन्होंने कहा, “लखनऊ हमारा घर है. उनके इस दौरे को अदालत के फैसले के बाद लगातार सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखने के क्रम से जोड़कर देखा जा रहा है.
3 अगस्त को कोर्ट ने किया था बरी
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 3 अगस्त को बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों से जुड़े मामले में बरी कर दिया था. अदालत ने भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व सहायक सचिव विनोद तोमर को भी बरी किया था. हालांकि, शिकायतकर्ता महिला पहलवानों की ओर से अदालत के फैसले को चुनौती देने की बात कही गई है.
Also Read: असर?NCERT की नई टीम में RSS-BJP कनेक्शन, 20 में 4 सदस्य जुड़े, 11वीं-12वीं की Political Science किताबों पर क्या होगा
