UP News: बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के परिवार को लेकर दिया बयान चर्चा में है. एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनके अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव से व्यक्तिगत संबंध रहे हैं. बृजभूषण ने बताया कि वह अपने बच्चों से कहते थे कि परिवार में संस्कार सीखने हैं तो मुलायम सिंह यादव के घर जाकर कुछ दिन रहकर वहां का व्यवहार देखें और समझें.
बच्चों को 15 दिन मुलायम के घर भेजने की बात
बृजभूषण शरण सिंह ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने बेटे प्रतीक भूषण सिंह से मुलायम सिंह यादव के घर जाकर करीब 15 दिन रहने को कहा था. उनका उद्देश्य वहां के पारिवारिक व्यवहार और संस्कारों को समझाना था. बीजेपी नेता ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के परिवार में बड़े और छोटे सभी लोगों के बीच सम्मान की भावना दिखाई देती थी. उन्होंने इसे राजनीति से अलग पारिवारिक संस्कारों का उदाहरण बताया.
हर व्यक्ति से सम्मान और अपनापन
बीजेपी नेता ने मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहने के दौरान उनके घर जाने का किस्सा भी साझा किया. उन्होंने कहा कि वहां मिलने वाला व्यक्ति पहले नमस्ते करता था और फिर पूछता था कि आपने नाश्ता किया या नहीं. इसके बाद रुकने की व्यवस्था के बारे में भी पूछा जाता था. बृजभूषण के मुताबिक, घर के छोटे-बड़े सभी लोगों का व्यवहार एक जैसा था. उन्होंने कहा कि आज के कई राजनीतिक परिवारों में ऐसा सहज सम्मान देखने को नहीं मिलता.
अखिलेश से रिश्तों का भी किया जिक्र
बृजभूषण शरण सिंह ने स्पष्ट किया कि उनके बयान को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव से उनके व्यक्तिगत संबंध रहे हैं, लेकिन दोनों के बीच राजनीतिक बातचीत नहीं होती. उन्होंने यह भी कहा कि मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद वह उनके परिवार से जुड़े पुराने अनुभवों को याद करते हैं. बृजभूषण ने संकेत दिया कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन व्यक्तिगत सम्मान और पारिवारिक संस्कार अलग विषय हैं.
यह भी देखें: काशी की कलम से क्रांति तक: जब बनारस के बुद्धिजीवियों ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी
