UP News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में भाजपा की जिला कोषाध्यक्ष गीता गुप्ता उर्फ पूजा कसौधन एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं. पुलिस चौकी के अंदर एक युवक को थप्पड़ मारने का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. वीडियो सामने आते ही भाजपा नेत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जबकि घटना के दौरान मौजूद चौकी प्रभारी की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है.
चौकी में पूछताछ के दौरान जड़ा थप्पड़
मामला नगर कोतवाली क्षेत्र की शाहगंज पुलिस चौकी का है. जानकारी के अनुसार, भाजपा नेत्री गीता गुप्ता उर्फ पूजा कसौधन की शिकायत पर पुलिस ने घोषियाना आदर्श नगर निवासी अरुण कुमार को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया था. इसी दौरान गीता गुप्ता भी चौकी पहुंचीं. आरोप है कि बातचीत के बीच उन्होंने युवक का मोबाइल देखा और गुस्से में आकर उसके चेहरे पर थप्पड़ जड़ दिया. यह पूरी घटना चौकी के भीतर मौजूद लोगों के सामने हुई.
VIDEO वायरल होने के बाद खुली पोल
घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि चौकी प्रभारी अविनाश चंद्र मौके पर मौजूद थे. युवक के साथ मारपीट होने के बावजूद उन्होंने तत्काल कोई हस्तक्षेप नहीं किया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और चौकी प्रभारी की भूमिका की विभागीय जांच शुरू कर दी.
भाजपा नेत्री ने लगाए गंभीर आरोप
गीता गुप्ता उर्फ पूजा कसौधन का दावा है कि संबंधित युवक उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था और लगातार उनका पीछा कर रहा था. दूसरी ओर पुलिस की शुरुआती जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी.
FIR के बाद बढ़ीं मुश्किलें
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने भाजपा नेत्री के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही चौकी प्रभारी की भूमिका की भी जांच जारी है. गीता गुप्ता का नाम पहले भी कई विवादों से जुड़ चुका है. जमीन संबंधी मामलों और पत्रकारों से विवाद को लेकर भी वह चर्चा में रही हैं. अब पुलिस चौकी के अंदर थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है.
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, दर्ज एफआईआर और विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा.
