Bareilly News: बरेली के जिला अस्पताल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पॉक्सो एक्ट में निरुद्ध 48 वर्षीय महिला बंदी ममता देवी सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गई. तबीयत बिगड़ने पर सेंट्रल जेल-2 से अस्पताल में भर्ती कराई गई ममता ने भागने के लिए बाकायदा फिल्मी तरीका अपनाया. वह सूट पहनकर शौचालय में गई और अंदर ही हुलिया बदलकर बुर्का पहनकर दूसरे दरवाजे से निकल गई. इस गंभीर लापरवाही पर एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात दो महिला पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, वहीं पुलिस की टीमें फरार महिला की तलाश में जुटी हैं.
नहाने की बात कहकर शौचालय में गई, बाहर निकली तो बुर्के में थी
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम के मुताबिक, इज्जतनगर थाना क्षेत्र के तुलाशेरपुर की रहने वाली ममता देवी के बेटे पर नाबालिग लड़की को ले जाने का आरोप है. इस मामले में फरीदपुर थाने में बेटे के साथ ममता के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज हुई थी, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था. वह सेंट्रल जेल-2 में निरुद्ध थी. 31 अगस्त को उसे अदालत में पेशी के लिए लाया गया था. पेशी के दौरान तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बुधवार को जनरल वार्ड में भर्ती ममता ने शौचालय जाने की बात कही. सुरक्षा में तैनात दोनों महिला पुलिसकर्मी उसे शौचालय तक लेकर गईं. काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से ममता ने नहाने की बात कही. इसके बाद दोनों पुलिसकर्मी बाहर इंतजार करती रहीं.
CCTV से खुला फरारी का राज
ममता के काफी देर तक बाहर नहीं आने पर सुरक्षाकर्मियों ने शौचालय की चिटकनी तोड़ दी, लेकिन तब तक वह वहां से निकल चुकी थी. सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पूरा मामला सामने आया. फुटेज में ममता नीला कुर्ता पहनकर शौचालय में जाती दिखाई दी, लेकिन कुछ देर बाद वह पड़ोस के दूसरे शौचालय के गेट से बुर्का पहनकर तेजी से बाहर निकलती नजर आई. इस तरह उसने अपना हुलिया बदलकर सुरक्षाकर्मियों को चकमा दिया और अस्पताल से फरार हो गई.
बेटे के घर भी पहुंची पुलिस, फोन बंद मिला
महिला बंदी के फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है. सीओ ने बताया कि ममता के बेटे को पहले ही जमानत मिल चुकी है. पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह भी वहां नहीं मिला. उसका मोबाइल फोन भी बंद है. पुलिस अब अस्पताल के बाहर बाजार और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर ममता की तलाश आगे बढ़ाएगी. मामले में कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज की जाएगी.
लापरवाही पर दोनों महिला पुलिसकर्मी निलंबित
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि ममता देवी की निगरानी के लिए दो महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी. ड्यूटी में लापरवाही सामने आने के बाद हेड कांस्टेबल नूतन सिसोदिया और कांस्टेबल रिंकी को निलंबित कर दिया गया है. दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं. पुलिस की टीमें फरार महिला बंदी की तलाश में जुटी हैं.
Must Read- 15 दिन बाद स्टेडियम रोड पर क्या चलेगा बुलडोजर? 140 से ज्यादा मकान-दुकानों पर नोटिस, बरेली में हड़कंप
