बेड पर सो रही MBBS छात्रा को सांप ने डसा, अयोध्या मेडिकल कॉलेज में मचा हड़कंप

UP News: अयोध्या मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में एमबीबीएस अंतिम वर्ष की छात्रा को सोते समय सांप ने डस लिया. छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है. इस घटना ने हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

UP News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जहाँ  मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में देर रात एक ऐसी घटना हुई, जिसने पूरे परिसर में दहशत फैला दी. एमबीबीएस अंतिम वर्ष की छात्रा अपने कमरे में बेड पर सो रही थी, तभी उसे जहरीले सांप ने डस लिया. छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर जिंदगी की जंग लड़ रही है. घटना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा और हॉस्टल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.

रात में बेड पर सो रही थी छात्रा, तभी सांप ने डसा

जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से जयपुर (राजस्थान) की रहने वाली एमबीबीएस अंतिम वर्ष की छात्रा खुशी जैन मेडिकल कॉलेज के गांजा शैक्षिक परिसर में प्राचार्य आवास के पास स्थित गर्ल्स हॉस्टल के ग्राउंड फ्लोर पर रहती हैं. बुधवार तड़के करीब 3:00 से 3:30 बजे के बीच वह अपने कमरे में बेड पर सो रही थीं. इसी दौरान एक सांप कमरे में पहुंच गया और उन्हें डस लिया. जैसे ही घटना की जानकारी अन्य छात्राओं को हुई, हॉस्टल में हड़कंप मच गया.

साथी छात्राओं ने पहुंचाया अस्पताल, हालत नाजुक

घटना के तुरंत बाद छात्राओं ने खुशी जैन को दर्शननगर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत इलाज शुरू किया. मेडिसिन विभाग की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है. डॉक्टरों के अनुसार छात्रा की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखकर उपचार किया जा रहा है.

हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं में दहशत का माहौल है. हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राएं भी डरी हुई हैं. वहीं इस घटना को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं. छात्राओं और स्थानीय लोगों का कहना है कि हॉस्टल परिसर के आसपास नियमित साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई और सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों से बचाव के लिए दवाओं का छिड़काव समय पर कराया जाना चाहिए था.

गोंडा में भी सर्पदंश से किसान की मौत

उधर, गोंडा जिले के मनकापुर क्षेत्र के दुर्गापुर के मजरा सकरी गांव में भी सर्पदंश की एक दुखद घटना सामने आई. यहां किसान रामू भारती अपने बेटे के साथ खेत में धान की रोपाई करने गए थे. बारिश के दौरान खेत की मेढ़ पर चलते समय उनका पैर एक विषैले सांप पर पड़ गया, जिसके बाद सांप ने उनके पैर में डस लिया. सर्पदंश के बाद रामू खेत में ही गिर पड़े.

इलाज के लिए ले जाते समय तोड़ा दम

पिता को गिरा देख बेटे ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे. परिजन ग्रामीणों की मदद से रामू भारती को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.

Also Read: चंपत राय की जगह लेंगे बीएल बागड़ा? अयोध्या में ट्रस्ट और संघ की सीक्रेट मीटिंग शुरू


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Lucky Kumari

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >