UP News : माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद को शनिवार को प्रयागराज के कसारी-मसारी स्थित पैतृक कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. अबान का शव शुक्रवार को झांसी में पोस्टमार्टम के बाद प्रयागराज लाया गया. फिलहाल शव हटवा गांव में उसकी बुआ प्रवीन कुरैशी के घर पर रखा गया है. शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग मय्यत के आखिरी दीदार के लिए पहुंचे.
पहले पुश्तैनी घर की जमीन पर रखा जाएगा शव
सुपुर्द-ए-खाक से पहले अबान के शव को कसारी-मसारी स्थित अतीक अहमद के पुश्तैनी घर की जमीन पर रखा जाएगा. कभी यह घर अतीक अहमद का ठिकाना हुआ करता था, लेकिन माफिया विरोधी कार्रवाई के दौरान इसे बुलडोजर से गिरा दिया गया था. अब यहां सिर्फ मलबा और खाली जमीन बची है. परिवार में किसी सदस्य की मौत होने पर शव को कब्रिस्तान ले जाने से पहले इस जगह पर रखने की परंपरा रही है. अप्रैल 2023 में एनकाउंटर में मारे गये अतीक के बेटे असद का शव भी यहां लाया गया था.
टेंट और डीप फ्रीजर की व्यवस्था
अबान के शव को रखने के लिए मलबे में तब्दील हो चुके पुश्तैनी मकान की जमीन पर टेंट लगाया गया है. शव के लिए डीप फ्रीजर की भी व्यवस्था की गयी है. किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. इसके बाद अबान को कसारी-मसारी के पैतृक कब्रिस्तान में दफन किया जाएगा. यहां अतीक अहमद के पिता हाजी फिरोज अहमद, उसकी मां, अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ और बेटे असद की कब्रें हैं.
अतीक की कब्र के ठीक बगल में खोदी गयी कब्र
अबान की कब्र अतीक अहमद की कब्र के ठीक बगल में खोदी गयी है. शनिवार को इसी कब्रिस्तान में उसे अंतिम विदाई दी जाएगी. अबान अतीक अहमद के पांच बेटों में सबसे छोटा था. झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में उसकी मौत हो गयी. हादसे में उसका साथी सोनू भी मारा गया, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे.
अंतिम संस्कार में शामिल होंगे अली और उमर
अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जेल में बंद उसके बड़े भाइयों अली और उमर को इलाहाबाद हाइकोर्ट से पैरोल मिली है. अली झांसी जेल में बंद था, जबकि उमर लखनऊ जेल में है. अदालत ने दोनों को अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी है. हालांकि, उन्हें पुलिस सुरक्षा में वापस संबंधित जेलों में ले जाया जाएगा. कोर्ट ने दोनों भाइयों को किसी सार्वजनिक सभा को संबोधित करने और मीडिया से बातचीत करने पर रोक लगायी है.
सिर्फ इन लोगों से बात करने की इजाजत
कोर्ट के निर्देश के मुताबिक अली और उमर अंतिम संस्कार कराने वाले व्यक्ति, अपनी बुआ प्रवीन कुरैशी और भाई अहजम अहमद से ही बातचीत कर सकेंगे. उन्हें सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से भी बातचीत करने की अनुमति नहीं होगी.
झांसी में सड़क हादसे में हुई थी अबान की मौत
झांसी-कानपुर हाईवे पर झांसी जिले के पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास सड़क हादसा हुआ था. हादसे में अबान अहमद और उसके साथी सोनू की मौके पर ही मौत हो गयी थी. तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे. सभी घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अबान और सोनू को मृत घोषित कर दिया.
2023 में हुई थी अतीक और अशरफ की हत्या
अतीक अहमद के परिवार पर पिछले कुछ वर्षों में लगातार त्रासदी का साया रहा है. अप्रैल 2023 में अतीक के बेटे असद को झांसी के पास पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया था. असद उमेश पाल हत्याकांड में वांछित था. इसके दो दिन बाद 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. अब परिवार के सबसे छोटे बेटे अबान को भी शनिवार को उसी कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफन किया जाएगा, जहां उसके पिता अतीक और भाई असद की कब्रें मौजूद हैं.
