UP News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में अंतिम संस्कार के दौरान ऐसा हंगामा हुआ कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई. तिगरी गंगा धाम में दो अलग-अलग शवों के अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे. इस दौरान करीब पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है.
कहासुनी से शुरू हुआ विवाद, देखते ही देखते चले डंडे
घटना रविवार शाम गजरौला थाना क्षेत्र के तिगरी गंगा धाम की बताई जा रही है. बताया गया कि दोनों पक्ष अपने-अपने परिचितों के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और फिर दोनों पक्ष एक-दूसरे से भिड़ गए. मारपीट के कारण घाट पर मौजूद लोगों के बीच भी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
चिता से लकड़ियां उठाने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई. आरोप है कि कुछ लोगों ने चिता से शव और लकड़ियां हटाईं और इसके बाद उन्हीं लकड़ियों को उठाकर एक-दूसरे पर हमला करने लगे. मारपीट बढ़ने पर वहां मौजूद कई लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
भीड़ बनी रही तमाशबीन, वीडियो बनाते रहे लोग
हंगामे के दौरान घाट पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे. आरोप है कि ज्यादातर लोग विवाद रोकने के बजाय मोबाइल से घटना का वीडियो बनाते रहे. मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया. घटना में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की बात कही जा रही है.
वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
अमरोहा पुलिस के मुताबिक, तिगरी घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान दो पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद हुआ था. मामले में गजरौला थाना पुलिस की ओर से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने बताया कि मौके पर कानून-व्यवस्था सामान्य है और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. जांच के बाद मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी.
