‘बिहारी-बिहारी’ कहकर चिढ़ाता था सहकर्मी, गुस्से में सोते समय कर दी हत्या: अमरोहा में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा

UP Crime: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक खौफनाक हत्याकांड सामने आया है. एक सहकर्मी को बार-बार 'बिहारी' कहकर चिढ़ाने से नाराज होकर दूसरे सहकर्मी ने उसकी सोते समय धारदार हथियार से हत्या कर दी. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

UP Crime: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में पशुशाला कर्मचारी प्रदीप हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. नौगावां सादात थाना क्षेत्र के नाजरपुर कलां गांव में हुई हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतक के सहकर्मी नितेश को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, नितेश बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला है और प्रदीप उसे बार-बार ‘बिहारी-बिहारी’ कहकर चिढ़ाता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था. पुलिस के अनुसार, 17 और 18 अगस्त की दरमियानी रात प्रदीप पशुशाला में सो रहा था. इसी दौरान नितेश ने उस पर धारदार सामान से सिर पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से प्रदीप की मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने शव को भूसे की कोठरी में छिपा दिया और पन्नी से ढक दिया.

‘बिहारी-बिहारी’ कहकर चिढ़ाने से था नाराज

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि प्रदीप आए दिन उसके साथ गाली-गलौज करता था और उसे ‘बिहारी’ कहकर चिढ़ाता था. इसी बात से वह काफी नाराज था. पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश में उसने प्रदीप की हत्या कर दी.

शव को जलाने की भी कोशिश

हत्या के बाद आरोपी ने कथित तौर पर शव को ठिकाने लगाने और सबूत मिटाने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, उसने शव पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन तेल कम होने के कारण केवल कपड़े ही जल सके. इसके बाद शव को भूसे की कोठरी में छिपा दिया गया.

लापता होने के बाद शुरू हुई तलाश

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त की सुबह पशुशाला पहुंचने पर प्रदीप वहां नहीं मिला. उसका मोबाइल और कपड़े भी गायब थे. परिवार और पशुशाला संचालकों की ओर से तलाश शुरू की गई. बाद में भूसे की कोठरी में उसका शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जांच के दौरान प्रदीप के सहकर्मी नितेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए हैं. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब मामले में हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं और दोनों के बीच पुराने विवाद की भी जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: UP में 67-68 रुपये किलो तक पहुंचा चीनी का भाव, जानें कानपुर से वाराणसी तक क्या है रेट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By तिलक कुमार

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >