Up News: अलीगढ़ में भाजपा के महानगर मीडिया प्रभारी निधीश कांत भट्ट को ब्लैकमेल करने की घटना सामने आई है. लगभग दस-बारह दिन पहले फेसबुक मैसेंजर पर उनकी बातचीत पूजा नाम की एक महिला से शुरू हुई थी. महिला ने फ्लैट बेचने का बहाना बनाकर तीस जुलाई को उन्हें क्वार्सी बाईपास स्थित बिजली घर के पास बुलाया. वहां पहुंचते ही साजिश के तहत निधीश को नशीला पदार्थ पिला दिया गया. इसके बाद आरोपियों ने बेहोशी की हालत में उनके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार कर लिए.
आपत्तिजनक वीडियो और झूठे मुकदमे की दी धमकी
नशे की हालत का फायदा उठाकर मौके पर मौजूद अज्ञात लोगों ने नेता की सोने की अंगूठी, चेन और बारह हजार रुपये निकाल लिए. उसी रात पूजा और अनूप कौशिक नामक स्वघोषित अधिवक्ता ने फोन करके वीडियो वायरल करने तथा दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी. डर के मारे पीड़ित ने अगले ही दिन आरोपियों को दो लाख रुपये नकद दे दिए. इसके बाद भी आरोपी लगातार पांच लाख रुपये और देने का दबाव बनाते हुए प्रताड़ित करने लगे.
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच प्रक्रिया हुई तेज
आरोपियों की लगातार बढ़ती मांग से परेशान होकर भाजपा नेता ने बन्नादेवी थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला पूजा और अधिवक्ता अनूप कौशिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है. क्षेत्राधिकारी धनंजय कुमार के अनुसार, पुलिस टीम घटनास्थल की लोकेशन, आरोपियों की कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है. वहीं भाजपा महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है, यह नेता का व्यक्तिगत प्रकरण हो सकता है.
यह भी पढ़े: कानपुर धर्म परिवर्तन दबाव में परिवार पर हमले का आरोप
