UP News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव आगामी विधानसभा चुनाव में अपने चाचा और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव का टिकट काट सकते हैं. हालांकि, इस दावे पर समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
सपा में सब कुछ ठीक नहीं' : राजभर
ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के भीतर सब कुछ सामान्य नहीं है. उनके अनुसार, पार्टी में कई नेता असंतुष्ट हैं और चुनाव नजदीक आते-आते बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकता है. उन्होंने कहा कि जसवंतनगर से लगातार छह बार विधायक रहे शिवपाल सिंह यादव को भी 2027 के चुनाव में टिकट नहीं मिल सकता.
पहले भी कर चुके हैं ऐसे दावे
यह पहली बार नहीं है जब राजभर ने समाजवादी पार्टी के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया हो. इससे पहले भी उन्होंने दावा किया था कि सपा में बड़ी टूट हो सकती है और पार्टी के दो-तिहाई सांसद अलग रास्ता अपना सकते हैं. उन्होंने यहां तक कहा था कि इस राजनीतिक घटनाक्रम की अगुवाई "बागी बलिया का लाल" करेगा. हालांकि, सपा प्रमुख अखिलेश यादव लगातार ऐसे दावों को खारिज करते रहे हैं. उनका कहना रहा है कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह एकजुट है और विपक्ष को कमजोर दिखाने के लिए इस तरह की बातें कही जा रही हैं.
फिर चर्चा में आए अखिलेश-शिवपाल के रिश्ते
राजभर के ताजा बयान के बाद एक बार फिर अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव के रिश्तों को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है. दोनों नेताओं के बीच पहले मतभेद सार्वजनिक रूप से सामने आ चुके हैं, लेकिन बाद में शिवपाल यादव ने समाजवादी पार्टी में वापसी की और वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में सक्रिय हैं.
सपा की प्रतिक्रिया का इंतजार
राजभर के इस बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है. हालांकि, समाजवादी पार्टी ने अभी तक इस दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है. ऐसे में अब राजनीतिक नजरें सपा नेतृत्व के अगले कदम और संभावित जवाब पर टिकी हैं.
यह भी पढ़ें: अब तीनों हत्यारन बीवियां रहेंगी एक साथ, बबिता-मुस्कान के बाद पति को मारकर दामिनी भी पहुंची मेरठ जेल
