अखिलेश-शंकराचार्य की मुलाकात से सियासी हलचल, सनातन और राम मंदिर मुद्दे पर हुई अहम चर्चा

Ayodhya Ram Mandir समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात की. दोनों के बीच सनातन धर्म के मौजूदा मुद्दों और राम मंदिर चढ़ावा चोरी जैसे संवेदनशील विषयों पर गहन चर्चा हुई.

Ayodhya Ram Mandir: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात की. मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि दोनों के बीच सनातन धर्म से जुड़े मौजूदा मुद्दों और उसे अधर्मियों के चंगुल से मुक्त कराने को लेकर सार्थक चर्चा हुई.

सोशल मीडिया पर साझा की मुलाकात की तस्वीरें

अखिलेश यादव ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्हें शंकराचार्य के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला. उन्होंने कहा कि इस दौरान सनातन धर्म पर आए संकट, उससे जुड़े विभिन्न विषयों और धर्म को अधर्मियों के प्रभाव से मुक्त कराने को लेकर विस्तार से बातचीत हुई. उनके इस पोस्ट के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई.


राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर पहले भी साध चुके हैं निशाना

इससे पहले भी अखिलेश यादव अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर लगातार सवाल उठाते रहे हैं. उन्होंने कहा था कि राम मंदिर में चढ़ावा, दान और चंदे में कथित गड़बड़ी की खबर पूरी दुनिया में फैल चुकी है. उनके मुताबिक, देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सनातनी इससे आहत हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले ने दुनिया भर के श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है क्योंकि कई श्रद्धालुओं ने स्वयं मंदिर में दान दिया था या अपनी श्रद्धा के अनुसार चंदा भेजा था. अखिलेश यादव का कहना था कि इस पूरे घटनाक्रम से सनातन समाज में नाराजगी है और भाजपा से जुड़े लोगों की वजह से धर्म के साथ-साथ देश की छवि भी प्रभावित हुई है.

गौ संरक्षण को लेकर भी बोले शंकराचार्य

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने भी मुलाकात के दौरान गौ संरक्षण का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि देश में गौमाता के साथ अन्याय हो रहा है और पर्याप्त व्यवस्था के अभाव में कई स्थानों पर गायें भूख-प्यास से दम तोड़ रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि गौ संरक्षण की बात करने वाली सरकारें इस दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठा रही हैं. शंकराचार्य ने कहा कि गाय को राष्ट्रमाता घोषित कराने और उनके संरक्षण के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है. इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर से जुड़े विषय पर भी कहा कि वहां रामभक्तों की भूमिका सुनिश्चित की जानी चाहिए.

-कोमल अग्रवाल की रिपोर्ट

Read Also- योगी का गोरखपुर दौरा 697 करोड़ की विकास परियोजनाओं का तोहफा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Radheshyam Kushwaha

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >