आपकी ये छोटी-छोटी गलतियां उम्र से पहले कर रही हैं हड्डियों को कमजोर, युवाओं में बढ़ रहा फ्रैक्चर का खतरा, बदलें ये आदतें

एक चौंकाने वाले सर्वे के अनुसार, 30 साल से कम उम्र के 38.3% युवाओं की हड्डियां कमजोर पाई गई हैं. खराब लाइफस्टाइल, फास्ट फूड और धूप की कमी इसके मुख्य कारण हैं. जानें आप कैसे अपनी हड्डियों को मजबूत रख सकते हैं.

Weak Bones in Young Adults : आज की बदलती जीवनशैली का असर युवाओं की हड्डियों पर भी पड़ रहा है. धूप और व्यायाम से दूरी, पौष्टिक आहार की कमी और फास्टफूड की बढ़ती आदतों के कारण कम उम्र में ही हड्डियों की मजबूती प्रभावित हो रही है. आगरा आर्थोपेडिक सोसाइटी (AOS) के सर्वे में सामने आया कि 30 साल से कम उम्र के 38.3 फीसदी युवाओं की हड्डियों में कमजोरी मिली है. एक मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आगरा आर्थोपेडिक सोसाइटी ने बोन एंड ज्वाइंट माह के तहत अगस्त में यह सर्वे किया. पार्क, कॉलेज, सरकारी विभाग, सोसाइटी और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर 16 से 70 साल से अधिक उम्र के कुल 1704 लोगों की बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) की जांच की गयी.

1704 लोगों की जांच, 1033 की हड्डियों का घनत्व कमजोर

सर्वे में 1704 लोगों की जांच की गयी. इनमें 1033 लोगों यानी 60.6 फीसदी की हड्डियों का घनत्व कमजोर मिला. इनमें 920 लोगों में ऑस्टियोपीनिया और 113 लोगों में ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा पाया गया. सबसे ज्यादा चिंता 30 साल से कम उम्र के युवाओं को लेकर सामने आयी. इस आयु वर्ग के 389 लोगों की जांच में 149 यानी 38.3 फीसदी की हड्डियों का घनत्व कमजोर पाया गया.

युवतियों की हड्डियां युवकों से ज्यादा कमजोर

सर्वे में 30 साल से कम उम्र के युवाओं में युवतियों की हड्डियां युवकों की तुलना में अधिक कमजोर मिलीं. 125 युवतियों की जांच में 47 यानी 37.6 फीसदी की हड्डियों में कमजोरी पायी गयी. वहीं 42 युवकों में से 15 यानी 35.7 फीसदी की हड्डियां कमजोर मिलीं. आगरा आर्थोपेडिक सोसाइटी के सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी के अनुसार, कई युवा दर्द और सूजन जैसी समस्याओं को सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं.

काम का दबाव और खराब लाइफस्टाइल भी जिम्मेदार

AOS के अध्यक्ष डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि 30 से 40 साल की उम्र के महिला-पुरुषों में भी हड्डियां तेजी से कमजोर हो रही हैं. सर्वे में काम का दबाव, खानपान में लापरवाही, नियमित पैदल नहीं चलना, धूप नहीं लेना और पौष्टिक आहार की कमी जैसी वजहें सामने आयीं. सर्वे में 95 फीसदी लोग कामकाजी युवा थे.

फास्टफूड और बढ़ता वजन भी बढ़ा रहा परेशानी

सर्वे संयोजक डॉ. डीवी शर्मा के मुताबिक, युवाओं में दाल, हरी सब्जियां और मोटे अनाज का सेवन कम हुआ है. वहीं पिज्जा, बर्गर, पेटीज, मोमोज और कोल्ड ड्रिंक जैसे फास्टफूड का सेवन बढ़ा है. बढ़ते वजन के कारण जोड़ों पर अतिरिक्त भार पड़ने से गठिया जैसी समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है.

उम्र बढ़ने के साथ बढ़ती गयी हड्डियों की कमजोरी

सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक उम्र बढ़ने के साथ हड्डियों की कमजोरी का प्रतिशत भी बढ़ता गया. 30 से 39 वर्ष के 52.9 फीसदी, 40 से 49 वर्ष के 68 फीसदी और 50 से 59 वर्ष के 77.6 फीसदी लोगों में हड्डियों का घनत्व कमजोर मिला. 60 से 69 वर्ष के आयु वर्ग में यह आंकड़ा 79.3 फीसदी और 70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में 83.8 फीसदी रहा.

हड्डियों को मजबूत रखने के लिए क्या करें?

विशेषज्ञों ने हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि और पौष्टिक खानपान पर ध्यान देने की सलाह दी है.

  • रोजाना 10 हजार कदम पैदल चलने की कोशिश करें.
  • सुबह 30 से 35 मिनट धूप लें.
  • फास्टफूड, धूम्रपान और अल्कोहल से बचें.
  • छोटी दूरी के लिए साइकिल का इस्तेमाल करें.
  • हड्डियों से जुड़ी परेशानी होने पर BMD जांच कराएं.
  • दूध, दही, पनीर, हरी पत्तेदार सब्जियां और मोटे अनाज को आहार में शामिल करें.

सर्वे में उम्र के हिसाब से हड्डियों की स्थिति

उम्रजांच किए गये लोगकमजोर हड्डियांप्रतिशत
30 से कम38914938.3%
30-3946124452.9%
40-4932822368%
50-5927721577.6%
60-6915011979.3%
70 से अधिक998383.8%
कुल1704103360.6%

Also Read : यूपी के किसानों के लिए काम की खबर, सौर ऊर्जा से होगी खेतों की सिंचाई; PM-KUSUM में 90% तक सब्सिडी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >