UP News : ताजनगरी आगरा को जल्द ही एक और बड़ी सौगात मिलने वाली है. यमुना नदी का किनारा अब सिर्फ नदी का किनारा नहीं रहेगा, बल्कि यहां लोगों को घूमने, योग करने, मॉर्निंग वॉक करने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए एक आधुनिक 'रिवर फ्रंट पार्क' मिलेगा. योगी सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 3.46 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं. पार्क बनने के साथ ही यमुना किनारे का इलाका खूबसूरत, स्वच्छ और हराभरा नजर आएगा.
झलकारी बाई चौराहे से वेदांत मंदिर तक बनेगा नया ग्रीन जोन
आगरा में झलकारी बाई चौराहे से लेकर वेदांत मंदिर के पास यमुना बैंक साइड तक एक भव्य रिवर फ्रंट पार्क विकसित किया जाएगा. इस परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 जुलाई 2026 को कर चुके हैं. पार्क बनने के बाद यह इलाका शहरवासियों और पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बनेगा.
अमृत 2.0 योजना के तहत 3.46 करोड़ की परियोजना
यह परियोजना 'अमृत 2.0' योजना के तहत विकसित की जा रही है, जिस पर करीब 3.46 करोड़ रुपये खर्च होंगे. लंबे समय से उपेक्षित और कचरे से भरे इस क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से लैस ग्रीन स्पेस में बदला जाएगा.
पाथवे, ओपन जिम, फाउंटेन और एम्फीथिएटर की मिलेगी सुविधा
योजना के तहत यहां 1500 मीटर लंबा और 1.5 मीटर चौड़ा सुंदर पाथवे बनाया जाएगा. लोगों की फिटनेस के लिए 200 वर्ग मीटर में ओपन जिम तैयार होगा. इसके अलावा आकर्षक फाउंटेन, आधुनिक लाइटिंग, बैठने के लिए बेंच और छोटे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 300 वर्ग मीटर में 100 से 150 लोगों की क्षमता वाला ओपन-एयर एम्फीथिएटर भी बनाया जाएगा.
इसके साथ ही करीब 200 वाहनों की पार्किंग और पूरे क्षेत्र में 1500 मीटर लंबी मजबूत फेंसिंग भी की जाएगी.
यमुना किनारा होगा कचरामुक्त, बढ़ेगी हरियाली
परियोजना के तहत यमुना किनारे से कचरा हटाकर उसे निर्धारित लैंडफिल में भेजा जाएगा. प्रदूषित हिस्से को फाइटोरेमेडिएशन तकनीक के जरिए विकसित किया जाएगा. पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कैसिया बाइफ्लोरा, बोगनवेलिया, नेरियम ओलियंडर, पाम और बेबी गोल्डन जैसी पौधों की प्रजातियों का बड़े पैमाने पर रोपण किया जाएगा.
ताजमहल का दृश्य रहेगा और भी आकर्षक
परियोजना में 'विज़ुअल कॉरिडोर' का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि यमुना किनारे से ताजमहल का दृश्य साफ दिखाई देता रहे. इसके अलावा आसपास की कृषि भूमि पर सजावटी पौधे लगाए जाएंगे, जिससे परियोजना के रखरखाव में भी मदद मिलेगी.
शहरवासियों और पर्यटकों को मिलेगा नया पर्यटन स्थल
अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप इस परियोजना का निर्माण तेजी से कराया जाएगा. पार्क तैयार होने के बाद लोगों को मॉर्निंग वॉक, योग, बच्चों के खेलने और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के लिए एक सुरक्षित और स्वच्छ स्थान मिलेगा. साथ ही यह रिवर फ्रंट आगरा के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में भी शामिल होगा.
Also Read : UP में विकास को रफ्तार देने की तैयारी, 706.81 करोड़ की 194 परियोजनाओं की सौगात देंगे CM योगी
