Agra Soil collapse: आगरा के सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को नाला निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया. सिकंदरा सब्जी मंडी के पास पेट्रोल पंप के बगल में नाले की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और नाले की दीवार भी भरभराकर गिर गई. हादसे के समय काम कर रहे तीन मजदूर मलबे और मिट्टी के नीचे दब गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. साथ काम कर रहे मजदूरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी.
तीनों मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साथी मजदूरों की मदद से रेस्क्यू कर तीनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला. इसके बाद सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया. दबे मजदूरों की पहचान 30 वर्षीय अनुज निवासी मुजफ्फरनगर, 22 वर्षीय विकास और सुशील के रूप में हुई है. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अनुज और विकास को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुशील का इलाज चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बताई गई है.
सुरक्षा इंतजामों को लेकर जांच, ठेकेदार के फरार होने की बात
हादसे के बाद पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नाले की दीवार और मिट्टी अचानक किस वजह से धंसी. निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. दोनों मृत मजदूरों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और परिजनों को सूचना दे दी गई है. वहीं, हादसे के बाद ठेकेदार के मौके से फरार होने की बात कही जा रही है.
