अमेरिका में गर्लफ्रेंड की हत्या कर भारत भाग आया सॉफ्टवेयर इंजीनियर, आगरा में पकड़ा गया, जाने पूरा मामला

अमेरिका में अपनी प्रेमिका की हत्या के आरोप में वांछित सॉफ्टवेयर इंजीनियर अर्जुन शर्मा को आगरा से गिरफ्तार किया गया है. वारदात के बाद वह भारत भाग आया था और आगरा में किराए के फ्लैट में छिपा था.

Girlfriend Murder Case : अमेरिका में अपनी पूर्व प्रेमिका की हत्या करने के आरोप में तलाशे जा रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर अर्जुन शर्मा को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार किया है. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, अर्जुन पर मैरीलैंड के हॉवर्ड काउंटी स्थित कोलंबिया इलाके में 27 वर्षीय निकिता गोडिशाला की हत्या का आरोप है. वारदात के बाद आरोपी अमेरिका से भारत भाग आया और आगरा में किराए के फ्लैट में रहने लगा था. गिरफ्तारी के बाद अर्जुन को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे हिरासत में भेज दिया गया. अमेरिका की ओर से आरोपी को भारत से वापस भेजने का अनुरोध भी किया गया है.

अमेरिका में हुई थी निकिता की हत्या

मामला अमेरिका के मैरीलैंड राज्य के हॉवर्ड काउंटी से जुड़ा है. अमेरिकी पुलिस के अनुसार, निकिता गोडिशाला की हत्या पिछले साल 31 दिसंबर से 2 जनवरी 2026 के बीच हुई थी. आरोप है कि निकिता के पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद वह अमेरिका से भारत भाग आया और आगरा में ठिकाना बना लिया.

पैसों को लेकर विवाद का भी आरोप

निकिता के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी और अर्जुन के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था. हालांकि, हत्या की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अमेरिकी एजेंसियों द्वारा की जा रही है. अमेरिकी अधिकारियों ने अर्जुन के खिलाफ हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं और उसके नाम पर गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था.

आगरा के अपार्टमेंट में छिपा था आरोपी

पुलिस के अनुसार, अर्जुन आगरा के एकता थाना क्षेत्र के कहरई स्थित शंकर ग्रीन अपार्टमेंट में रह रहा था. वह फ्लैट नंबर 1202 में किराए पर ठहरा हुआ था. उसकी तलाश में हैदराबाद के लल्लागुड़ा थाने की पुलिस आगरा पहुंची थी. जांच के दौरान आरोपी के आगरा में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने उसे अपार्टमेंट से गिरफ्तार कर लिया.

15 दिन पहले ही आगरा आया था

जानकारी के मुताबिक, अर्जुन शर्मा करीब 15 दिन पहले आगरा आया था. उसने अपार्टमेंट में किराए पर फ्लैट लिया था. बताया जा रहा है कि आगरा आने के बाद वह फिलहाल कोई नौकरी या काम नहीं कर रहा था. पुलिस अब उसके आगरा पहुंचने, यहां रहने और अमेरिका से भारत आने के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है.

अमेरिका भेजे जाने की भी तैयारी

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने उसे हिरासत में रखने और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं. अदालत के समक्ष बताया गया कि आरोपी की गिरफ्तारी अमेरिका में जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर की गई है. अमेरिका ने उसे भारत से वापस भेजने का अनुरोध किया है. ऐसे में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसके प्रत्यर्पण का रास्ता खुल सकता है.

भारत में छिपने का नहीं चला दांव

अमेरिका में हत्या के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे अर्जुन ने आगरा में किराए के फ्लैट को अपना ठिकाना बनाया था. हालांकि, अमेरिकी वारंट और पुलिस की तलाश के चलते वह ज्यादा समय तक कानून की नजर से बच नहीं सका. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह अमेरिका से भारत कब और किस रास्ते से आया और आगरा में उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे.

Also Read : UP की बेटियों को कब मिलेगी स्कूटी? तारीख का ऐलान, 50 हजार छात्राओं को मिलेगा तोहफा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >