UP Election 2022: उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के लिए पहले चरण में पश्चिम यूपी के 11 जिलों की 58 सीटों पर आज शाम 7 बजे मतदान संपन्न हो गया. अब दूसरे चरण में 9 जिलों की 55 सीटों मतदान होगा. इस बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने पहले चरण का चुनाव संपन्न होने पर मतदाताओं का धन्यवाद किया है.
सीएम योगी ने ट्वीट कर लिखा, ‘उ.प्र. विधान सभा चुनाव-2022 का प्रथम चरण आज शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गया है. लोकतंत्र के महोत्सव में अपने अमूल्य मत का प्रयोग कर सहभागिता करने वाले सभी सम्मानित मतदाताओं का हार्दिक धन्यवाद. आपका मतदान ‘नए उत्तर प्रदेश’ की नींव को मजबूती प्रदान करेगा. भारत माता की जय!’
11 जिलों की 58 सीटों पर वोटिंग संपन्नउत्तर प्रदेश में पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है. पहले फेज में 11 जिलों की 58 सीटों पर वोटिंग संपन्न हो गई है. सुबह 7 से शाम 6 बजे तक वोटिंग हुई. पहले चरण में 623 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है. अब, 10 मार्च का इंतजार किया जा रहा है, जब नतीजों का ऐलान किया जाएगा.
कांग्रेस-सपा ने लगाए चुनाव में गड़बड़ी के आरोपइधऱ, कांग्रेस ने चुनाव के दौरान बीजेपी पर आचार संहिता उल्लंघन के आरोप लगाए. कांग्रेस नेता पीएल पुनिया ने कहा कि खराब ईवीएम, मतदाता लिस्ट में गड़बड़ी चुनाव आयोग की मंशा पर संदेह खड़ा करता है. चुनाव में गड़बड़ियों की सूचना देने के लिए मतदाता कॉल करते रहे. लेकिन, अधिकारियों ने किसी मतदाता के फोन कॉल को नहीं उठाए. इसके अलावा समाजवादी पार्टी ने भी 11 जिलों की अलग-अलग सीटों पर मतदान में गड़बड़ी के आरोप लगाए. हालांकि, चुनाव आयोग ने मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से साफ इनकार कर दिया है
