मुजफ्फरनगर : मुजफ्फरनगर के फुगाना क्षेत्र में कारौंदा महाजन गांव में आज सुबह दो गुटों के बीच संघर्ष के दौरान दो लोगों की गोली लगने से मौत हो गई जबकि एक गंभीर रुप से घायल हो गया.
फुगाना के सर्किल ऑफिसर आर एन शर्मा ने कहा कि राजीव नामक व्यक्ति के नेतृत्व में कुछ ग्रामीणों ने दो भाईयों सतेन्द्र उर्फ काला तथा वेदपाल पर हमला किया. सतेन्द्र की गोली लगने से मौत हो गई जबकि उसका भाई वेदपाल हमले में गंभीर रुप से घायल हो गया. दूसरे पक्ष के जवाबी हमले में राजीव की भी गोली लगने से मौत हो गई.
पुलिस ने बताया कि स्थिति पर नियंत्रण के लिए वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए हैं. घायल वेदपाल को गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचाया गया है. एक दिन पहले ग्रामीणों के दो गुटों में विवाद हो गया था. पुलिस ने बताया कि आज की घटना उसी का परिणाम है. संघर्ष के बाद फुगाना थाना क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. यह क्षेत्र पिछले साल सितंबर में मुजफ्फरनगर में हुए दंगों में बुरी तरह प्रभावित हुआ था.
